सेना में ब्रिगेडियर का पद होगा खत्म! प्रमोशन का बदलेगा सिस्टम: कर्नल के बाद अफसरों को सीधे मिलेगी ये रैंक
भारतीय सेना में जल्द ही ब्रिगेडियर रैंक खत्म हो सकती है. इसका प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय के जरिए 8वें वेतन आयोग को भेजा जाएगा. यानी कर्नल के बाद अफसर सीधे मेजर जनरल के पद पर पहुंच जाएंगे.
भारतीय सेना में ब्रिगेडियर रैंक खत्म करने का प्रस्ताव रखा गया है.इसमें अधिकारियों को कर्नल से सीधे मेजर जनरल के पद पर प्रमोशन का प्रस्ताव है.इसे मंजूरी के लिए जल्द 8वें वेतन आयोग को रक्षा मंत्रालय के जरिए भेजा जाएगा. मई 2027 तक सिफारिशों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है. अगर यह लागू होता है तो मेजर जनरल ब्रिगेड और डिवीजन दोनों की कमान संभाल सकेंगे. इसके अलावा सैन्य अधिकारियों के लिए मेजर जनरल न्यूनतम रिटायरमेंट रैंक बनाने का प्रस्ताव है.
फिलहाल, मेजर जनरल रैंक तक पहुंचने में सेना अधिकारियों को 32–33 साल लगते हैं, जबकि सिविल सेवाओं के अधिकारी इस स्तर तक सिर्फ 16–18 साल में ही पहुंच जाते हैं. इसका मकसद प्रमोशन में देरी और करियर संबंधी असमानता दूर करना है. ब्रिगेडियर रैंक खत्म करने का विचार पहली बार 2018 में जनरल बिपिन रावत के कार्यकाल में सामने आया था. इस प्रस्ताव का असर नौसेना की कमोडोर और वायुसेना की एयर कमोडोर रैंक पर भी पड़ सकता है. मंजूरी मिलने पर यह नवंबर 2027 से लागू हो सकता है.
क्या है दिक्कत?
- यह असमानता सेना के पिरामिड जैसे रैंक ढांचे की वजह से है, जो लेफ्टिनेंट कर्नल के पद के ऊपर काफी संकरा हो जाता है.
- प्रस्ताव के अनुसार, 86% अधिकारी पद लेफ्टिनेंट कर्नल या उससे नीचे के हैं, जबकि कर्नल 10.5%, ब्रिगेडियर 2.5% और मेजर जनरल केवल 0.8% हैं.
- इसकी तुलना में, IPS अधिकारियों में से 26% से ज्यादा 'सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड' या उससे ऊपर के पदों पर हैं, जबकि सेना में यह आंकड़ा लगभग 1% है.
- प्रस्ताव में तर्क दिया गया है कि सिविल सेवाओं में छह पदों की तुलना में सेना में नौ रैंक होने के कारण, एक रैंक को हटा दिया जाना चाहिए.
- इसमें लेफ्टिनेंट कर्नल के बजाय ब्रिगेडियर के पद को हटाने का सुझाव दिया गया है, ताकि मेजर जनरल ब्रिगेड और डिवीजन दोनों की कमान संभाल सकें.
- साथ ही, नियमित अधिकारियों के लिए मेजर जनरल का पद न्यूनतम रिटायरमेंट रैंक बन जाएगा.
- यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब सेना अपने फील्ड फॉर्मेशन (क्षेत्रीय संरचनाओं) का पुनर्गठन कर रही है.
- जुलाई में, सेना ने अपने पहले पांच 'इंटीग्रेटेड बैटल ग्रुप' (IBG) और एक 'फायर सपोर्ट ग्रुप' को एक्टिव किया, जिनकी कमान छह मेजर जनरलों के पास है.
- लगभग 5,000 सैनिकों वाले हर IBG का आकार एक ब्रिगेड से बड़ा, लेकिन एक डिवीजन से छोटा होता है.
- हालांकि, सेना की नई 'रुद्र' ब्रिगेड (जिसमें सभी तरह की सैन्य इकाइयां शामिल हैं) की कमान अभी भी ब्रिगेडियर ही संभाल रहे हैं. इनमें से प्रत्येक में लगभग 3,000 सैनिक हैं.
कितनी होती है तनख्वाह?
भारतीय सेना में ब्रिगेडियर 7वें वेतन आयोग के तहत पे लेवल 13A में आते है. यहां बेसिक पे 1, 39,600 से लेकर 2,17600 रुपये प्रति महीने तक होती है. इसके अलावा 15,500 प्रति महीने तय एमएसपी दिया जाता है. इसके अलावा मुफ्त राशन, हार्डशिप अलाउंस, बंगला, आधिकारिक गाड़ी जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं. यानी इन सबको मिलाकर सैलरी 3 लाख रुपये से लेकर 3 लाख 10 हजार रुपये (पोस्टिंग और कटौतियों पर निर्भर) तक हो सकती है.