App

आपका हॉलमार्क वाला सोना भी हो सकता है नकली? CAG की रिपोर्ट ने खोल दी पूरे सिस्टम की पोल

आप जब किसी ज्वेलर के पास खरीदारी के लिये जाते हैं तो दुकानदार बड़े गर्व से हॉलमार्क और 6 डिजिट वाली HUID आईडी का हवाला देकर प्योरिटी की गारंटी देता है. लेकिन नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की तरफ से एक चौंकाने वाला खुलासा किया गया है. इस रिपोर्ट के बाद सोने की प्योरिटी और BIS के काम करने के तरीके पर सवाल खड़े हो गए हैं.

आपका हॉलमार्क वाला सोना भी हो सकता है नकली? CAG की रिपोर्ट ने खोल दी पूरे सिस्टम की पोल
Image Credit: (AI) देश में 28,865 रजिस्टर्ड ज्वेलर्स में से महज 5,444 दुकानों की ही जांच की गई.

नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के ड्राफ्ट में सोने की प्योरिटी की निगरानी करने वाली संस्था ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) के काम करने के तरीके पर बेहद गंभीर सवाल उठाए गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार पिछले 5 साल के दौरान देश के 80 प्रतिशत से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वेलर्स का बीआईएस (BIS) द्वारा किसी तरह का ऑडिट नहीं किया गया है. यदि आप केवल साल 2024-25 के आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति और भी चिंताजनक नजर आती है. इस दौरान देश में 28,865 रजिस्टर्ड ज्वेलर्स में से महज 5,444 दुकानों की ही जांच की गई.

CAG की तरफ से जारी आंकड़े का सीधा सा मतलब यही हुआ कि 23,421 ज्वेलर्स की दुकानें बीआईएस (BIS) की जांच के दायरे से पूरी तरह बाहर रहीं. जब इतने बड़े लेवल पर दुकानों की जांच नहीं हुई तो ज्वेलर्स की तरफ से गोल्ड प्योरिटी को लेकर किये जाने वाले दावों की क्रॉस चेकिंग भी नहीं हो सकी. यह लापरवाही महज ज्वेलर्स की दुकानों तक ही सीमित नहीं रही है, बल्कि गोल्ड प्योरिटी चेक करने वाले असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर (AHC) की निगरानी में भी बड़ी चूक सामने आई है. किसी भी गहने पर हॉलमार्क लगाने से पहले इन्हीं AHC सेंटर में सोने की क्वालिटी और प्योरिटी की जांच की जाती है.

तय टारगेट से 44 फीसदी पीछे रह गया BIS

जांच पूरी होने के बाद ही ज्वैलरी को 6 डिजिट वाला खास HUID नंबर दिया जाता है, जिसे देखकर कस्टमर गोल्ड की प्योरिटी पर भरोसा कर लेता है. CAG की ड्राफ्ट रिपोर्ट से यह भी उजार हुआ कि BIS इन हॉलमार्किंग सेंटर्स का सर्विलांस ऑडिट करने के अपने ही तय टारगेट से 44 फीसदी पीछे रह गया है. यानी जिन सेंटर पर देश के सोने की प्योरिटी परखने की जिम्मेदारी है, खुद उनके ही कामकाज की सही तरीके से निगरानी नहीं हो पा रही.

आपको बता दें, सरकार ने ग्राहकों को मिलावटी सोने से बचाने के लिए देश के 392 जिलों में गोल्ड हॉलमार्किंग से जुड़े नियमों को जरूरत कर दिया है. नियमों के तहत हॉलमार्किंग के लिए हर ज्वेलर और AHC सेंटर का BIS के पास रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक है. लेकिन आंकड़ों से यह पता  चलता है कि देशभर में फैले करीब 2.3 लाख रजिस्टर्ड ज्वेलर्स पर निगरानी का तंत्र काफी कमजोर पड़ गया है. ऑडिट और सर्विलांस की रफ्तार धीमी होने से बाजार में कस्टमर के साथ फ्रॉड होने की गुंजाइश बढ़ जाती है.

आपका सोने के गहने पर लगा हॉलमार्क असली है या नकली, इसे आप घर बैठे ऑनलाइन मोबाइल से चेक कर सकते हैं. भारत सरकार की संस्था BIS ने इसके लिए बेहद आसान सुविधा दी है-

  • सबसे पहले 'BIS Care' मोबाइल ऐप को डाउनलोड करें.
  • ऐप ओपन करने के बाद होम स्क्रीन पर 'Verify HUID' के ऑप्शन पर क्लिक करें.
  • अब गहने पर 6 डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक कोड (जैसे- AB1234) लिखा होगा. इसे ही HUID नंबर कहते हैं.
  • यह 6 डिजिट वाला HUID नंबर ऐप में डालें और 'Search' पर क्लिक करें.
  • सर्च करते ही आपकी स्क्रीन पर गहने से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ जाएगी.
  • इसमें ज्वैलरी बेचने वाले का रजिस्ट्रेशन नंबर और नाम. हॉलमार्किंग सेंटर (AHC) का नाम और पता. ज्वैलरी की कैटेगरी और प्योरिटी आदि.
Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More