)
India-Japan Naval Exercise: भारत और जापान के नवल वॉरशिप ने समुद्र में मिलिट्री एक्सरसाइज की. इस युद्धाभ्यास में भारतीय नौसेना का युद्धपोत 'INS सह्याद्रि' शामिल हुआ था. वहीं, जापानी नेवी की ओर से वॉरशिप 'जेएस इसे' ने हिस्सा लिया था. दोनों देशों के युद्धपोतों ने यहां अपनी ऑपरेशनल क्षमता और तालमेल को परखा.
भारत और जापान की नौसेनाओं के बीच यह द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास 'जाइमेक्स-2026' था. इस दौरान दोनों युद्धपोतों ने टैक्टिकल मिलिट्री एक्सरसाइज, कम्युनिकेश एक्सरसाइज और एक दूसरे के जहाजों पर हेलीकॉप्टर उतारने जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया. यह अभ्यास समुद्र में दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मददगार साबित हुआ है.
इस अभ्यास के दौरान दोनों नौसेनाओं ने एक दूसरे की ऑपरेशनल प्रोसीजर और क्षमताओं को समझने के साथ समुद्र में मिलकर अभियान चलाने का अभ्यास किया. अभ्यास में टैक्टिकल मिलिट्री एक्सरसाइज के जरिए दोनों युद्धपोतों ने समुद्री परिस्थितियों में आपसी तालमेल और परिचालन समन्वय को परखा. वहीं, कम्युनिकेश एक्सरसाइज के जरिए समुद्र में सूचनाओं के आदान-प्रदान और आपसी संपर्क को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया. इसके अलावा, एक जहाज से दूसरे जहाज पर हेलीकॉप्टर उतारने का अभ्यास भी किया गया. इससे दोनों नौसेनाओं को संयुक्त समुद्री अभियानों के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव मिला.
अभ्यास के दौरान दोनों देशों के नौसैनिकों ने अपने पेशेवर अनुभव भी साझा किए. इससे एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने और साथ मिलकर काम करने की क्षमता बढ़ाने का अवसर मिला.
Indian Navy frigate INS Sahyadri takes part in bilateral JAIMEX 2026 exercise with Japan’s JS Ise https://t.co/Gq1f9xsYjT
— Sidhant Sibal (@sidhant) November 17, 2026
डिफेंस एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारतीय नौसेना के INS सह्याद्रि की इस अभ्यास में भागीदारी भारत और जापान के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग को दर्शाती है. दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच ऐसे अभ्यास आपसी विश्वास मजबूत करने, परिचालन तालमेल बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित और स्थिर समुद्री वातावरण बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हैं.
गौरतलब है कि जहां नौसेनाओं ने यह अभ्यास पूरा किया है, तो वहीं टोक्यो में भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी '2 प्लस 2 वार्ता' होने जा रही है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यहां जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. इस उच्चस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे। यह वार्ता बुधवार से जापान में शुरू होगी. ( इनपुट- IANS)