App

पत्थर में जान कैसे आ जाती है, रत्न को जागृत करके ही क्यों किया जाता है धारण? जानिए इसकी विधि और शुभ मुहूर्त!

Why Are Gemstones Activated: आपने देखा होगा कि लोग तरह-तरह के रत्न धारण करते हैं लेकिन उससे पहले रत्न को शुभ मुहूर्त में जागृत किया जाता है, मंत्र पढ़े जाते हैं. रत्न को धारण करने के अनेक नियमों का पालन किया जाता है. आइए इस बारे में विस्तार से जानें.

पत्थर में जान कैसे आ जाती है, रत्न को जागृत करके ही क्यों किया जाता है धारण? जानिए इसकी विधि और शुभ मुहूर्त!

Gemstone Rules: आपने कभी इस बात पर विचार किया है कि आप तो रत्न धारण करते हैं, उसे धारण करने से पहले वह एक बेजान और सामान्य पत्थर था. फिर कैसे उसमें जान आ गई जिसे धारण करने से आपकी किस्मत तक बदलने लगती है. लोग लाखों खर्च करके अपनी उंगलियों में हीरा, पन्ना, मूंगा धारण करते हैं लेकिन उसे पहले रत्न को जागृत करने की विधि पूरी की जाती है ताकि उसका पूरा लाभ प्राप्त हो सके. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार बिना जागृत किए रत्न धारण करने का कोई लाभ नहीं मिलता है, यह एक सुंदर गहने के अलावा और कुछ भी नहीं रह जाता है. ऐसे में आइए जानें कि बेजान रत्न को जागृत करना क्यों जरूरी है, इसकी पूरी विधि क्या है. किसी रत्न को धारण करने का शुभ मुहूर्त कैसे तय होता है और किसी रत्न को धारण करने से जुड़े जरूरी नियम क्या हैं?

रत्न को जागृत करना क्यों जरूरी?

अगर रत्न अपने मूल स्वभाव में हो और उसे जागृत किए बिना ही धारण कर लिया गया तो दो बातें हो सकती हैं, पहला तो ये कि रत्न का कोई लाभ पहनने वाले को प्राप्त नहीं होगा और दूसरा ये कि रत्न का बुरा प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर पड़ सकता है. ऐसी स्थिति में रत्न को सही विधि से जागृत करना बहुत जरूरी है.

रत्न को जागृत कैसे करें

रत्न की शक्ति का पूरा लाभ लेने के लिए इसे सही विधि से जागृत करना बहुत जरूरी है. इसके सबसे पहले पंचामृत यानी कच्चा दूध, गंगाजल, शहद, दही और घी से तैयार किए गए एक मिश्रण में रत्न को 2-3 घंटे डुबोकर रखें. इससे रत्न की सभी अशुद्धियां दूर होंगी. अब रत्न को घोल से निकालें और गंगाजल से धोएं. इसे अपने आराध्य या रत्न के संबंधित ग्रह देवता के चरणों में रख दें और धूप-दीप जलाकर रत्न को दिखाएं. इसके बाद मंत्र जाप कर रत्न को सिद्ध किया जाता है. रत्न से संबंधित ग्रह के विशिष्ट बीज मंत्र के 108 बार जाप करने का नियम है. ऐसा करने से रत्न की ऊर्जा सीधे ग्रह की शक्ति से जुड़ जाती है.

रत्न को जागृत करने के लिए कैसे चुनें शुभ मुहूर्त

किसी भी रत्न को जागृत करने का शुभ मुहूर्त क्या होगा यह इस बात पर निर्भर करता है कि वह रत्न कौन सा है. और वह किस राशि व ग्रह से संबंधित है. हर रत्न का अपना एक तय दिन और समय या चौघड़िया है. जैसे पुखराज का ग्रह गुरु है और इस ग्रह का दिन गुरुवार है. ऐसे में इसे जागृत करने और धारण करने का सबसे शुभ मुहूर्त होगा शुक्ल पक्ष का गुरुवार दिन. वहीं, माणिक्य को रविवार के दिन सूर्योदय के समय सूर्य पूजा करते हुए धारण किया जाता है क्योंकि माणिक्य सूर्य का रत्न है और रविवार दिन के स्वामी सूर्य देव हैं.

रत्न को धारण करने से जुड़े जरूरी नियम

किसी भी रत्न को धारण करने से पहले अपने ज्योतिषाचार्य की सलाह जरूर लें. 
किसी भी रत्न को खरीदने से पहले जान लें कि वह रत्न असली है या नकली, वरना रत्न का प्रभाव प्राप्त नहीं होगा.
रत्न सिद्ध या जागृत हो जाए तो बार-बार इसे उंगली से निकलकर इधर-उधर न रखें. इससे रत्न का प्रभाव कम हो जाएगा.
रत्न खंडित या बेरंग हो जाए तो इसे तुरंत उतार दें, नहीं ऐसे रत्न का बुरा प्रभाव आपके जीवन पर पड़ सकता है.
रत्न को धातु में ऐसे जड़वाएं कि धारण करते समय वह त्वचा को छूता हो, तभी रत्न का लाभ मिल सकेगा.
रत्न धारण करते समय मंत्रों का सही और शुद्ध जाप करें तभी रत्न सिद्ध होगा.
किसी दूसरे का रत्न धारण न करें, न तो किसी को अपना रत्न धारण करने दें. ऐसा करना अशुभ फलदायी होता है.
रत्न को हमेशा संबंधित धातु में ही जड़वाएं नहीं तो बुरा प्रभाव सक्रिय हो सकता है.
अमावस्या तिथि पर, ग्रहण और संक्रान्ति में रत्न धारण करना वर्जित है, ऐसे में सही दिन का ही चयन करें.
ध्यान दें किन दो या तीन रत्नों को एक साथ पहना जा सकता है और किन रत्नों को एक साथ कतई नहीं पहन सकते हैं, इस बारे में अपने ज्योतिषाचार्य से जरूर सलाह ले लें. कई रत्न एक दूसरे के शत्रु ग्रहों के हो सकते हैं.

(डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है. रत्न धारण करने से पहले अपने किसी योग्य ज्योतिषाचार्य से सलाह अवश्य लें. हम इसकी पुष्टि नहीं करता.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More