)
IIT बॉम्बे के सेकंड ईयर के एक स्टूडेंट ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली. उससे कुछ घंटे पहले ही उसे एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन चलाते हुए पकड़ा गया था. 19 साल के इस छात्र की मौत के बाद कैंपस में 400 से ज्यादा छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. इसके बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी गईं. एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट का यह छात्र कथित तौर पर एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, संस्थान के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, छात्र ने जवाब पाने के लिए परीक्षा का क्वेश्चन पेपर ChatGPT पर अपलोड किया था.
बयान में कहा गया, 'दिन में एग्जाम के दौरान, छात्र को एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया. उसने जवाब पाने के लिए परीक्षा का क्वेश्चन पेपर ChatGPT पर अपलोड किया था. छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई. इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट के हेड ने भी छात्र से इस मामले पर बात की, उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा. इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया. बाद में शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया.'
पवई पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'परीक्षा शाम 4 बजे तक थी और उसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया. उसने आत्महत्या कर ली. वह कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला.'
पुलिस की एक टीम कमरे का मुआयना किया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया. छात्र हॉस्टल 4 का रहने वाला था. जैसे ही कैंपस में यह खबर फैली, 400 से ज्यादा छात्र संस्थान की मुख्य इमारत के पास जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए.
विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहा जब तक IIT-B के डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे रात करीब 10.30 बजे छात्रों से मिलने नहीं आए. बैठक के बाद, भीड़ को मुख्य इमारत के सामने बने कन्वोकेशन हॉल में ले जाया गया.
विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुताबिक, इस घटना को देखते हुए चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षा टाल दी गई. एक छात्र ने कहा, 'छात्रों की प्रशासन से हमेशा एक ही शिकायत रही है कि आत्महत्या जैसी गंभीर घटना के बाद भी वह वैसे ही काम करता रहता है. कई लोगों ने इस व्यवहार पर सवाल उठाए, जिसके बाद घोषणा की गई कि मिड-सेमेस्टर परीक्षा अब टाल दी गई है.'
प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, 'IIT बॉम्बे एक छात्र की मौत से बहुत दुखी है. संस्थान छात्र के दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी सदस्यों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को हर संभव मदद दे रहा है. संबंधित अधिकारी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं.'