App

युवाओं को 'नशे के समंदर' में धकेलने का 3000 करोड़ी प्लान फेल, कैसे कोस्ट गार्ड ने पकड़ी 526 किलो ड्रग्स, हिरासत में 5 पाकिस्तानी

भारतीय कोस्ट गार्ड ने अरब सागर में एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. तटरक्षक बलों ने 526 किलो ड्रग्स पकड़ी है, जिसकी कीमत 3000 करोड़ रुपये है. इस मामले में 5 पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है.

युवाओं को 'नशे के समंदर' में धकेलने का 3000 करोड़ी प्लान फेल, कैसे कोस्ट गार्ड ने पकड़ी 526 किलो ड्रग्स, हिरासत में 5 पाकिस्तानी
Image Credit: इतनी भारी मात्रा में ड्रग्स पकड़ा जाना एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.

भारत के युवाओं को 'नशे के समंदर' में फेंकने की साजिश फेल हो गई है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इंडियन कोस्ट गार्ड ने गुजरात ATS के साथ मिलकर एक ज्वॉइंट ऑपरेशन में अरब सागर में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और हेरोइन जब्त की है, जिसकी कीमत 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

5 पाक नागरिक भी हिरासत में

कोस्ट गार्ड ने कहा कि 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पास चलाए गए इस ऑपरेशन में नाव चला रहे पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया. खुफिया जानकारी के आधार पर, कोस्ट गार्ड ने समुद्र और हवा से निगरानी की और संदिग्ध नाव (धाऊ) का पीछा किया, फिर लक्षद्वीप के पश्चिम में उसे रोका और उस पर चढ़कर तलाशी ली. कोस्ट गार्ड ने बताया कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों में हाई क्वॉलिटी वाली मेथामफेटामाइन और हेरोइन शामिल थी.

उन्होंने बताया कि नाव, उसके क्रू और जब्त किए गए ड्रग्स को संयुक्त पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हथियारबंद सुरक्षा के साथ मुंबई लाया गया. यह ऑपरेशन गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के साथ मिलकर चलाया गया था. राज्य की ATS ने भी पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की.  यह जब्ती ऐसे समय में हुई है, जब सुरक्षा एजेंसियां ​​समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी को रोकने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर रही हैं.

कोस्ट गार्ड ने कहा कि इस ऑपरेशन से उनकी निगरानी और समुद्री इंटरडिक्शन (समुद्र में रोकने और कार्रवाई करने) की क्षमताएं साबित हुई हैं. उन्होंने कहा कि इस जब्ती से अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क को तोड़ने और सिंथेटिक ड्रग्स को मेनलैंड तक पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी. 

कोस्ट गार्ड्स ने बताया, 'दुश्मन विदेशी गिरोहों की आर्थिक ताकत को कमजोर करके और खतरनाक सिंथेटिक पदार्थों को मुख्य भूमि के तटों तक पहुँचने से पहले ही रोककर, यह मिशन सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के विजन को और मजबूत करता है. भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने, देश के युवाओं को ड्रग्स के खतरे से बचाने और समुद्री इलाके में पूरी सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है.'
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More