तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर तमिलनाडु में दीपम जलाने को लेकर भारी तनाव, पुलिस बल तैनात; BJP ने CM जोसेफ विजय पर साधा निशाना
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपम जलाने को लेकर तमिलनाडु में मंगलवार को भारी तनाव रहा. राज्य की जोसेफ विजय सरकार ने लोगों को पवित्र पहाड़ी पर चढ़ने से रोकने के लिए भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया.
तमिलनाडु में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर कार्तिगाई दीपम जलाए जाने को लेकर बवाल मचा रहा. भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तमिलनाडु सरकार पर भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं को नजरबंद करने का आरोप लगाया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु को संभालने में विफल बताया.
जोसेफ विजय ने हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाई - बीजेपी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर कार्तिगाई दीपम जलाया जाए, लेकिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पुनर्विचार याचिका दायर कर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. लोगों को पहाड़ी पर दीप जलाने से रोकने के लिए करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए.'
उन्होंने कहा कि राज्य नशे से जुड़े अपराधों, हत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर चिंताओं से जूझ रहा है. तमिलनाडु में मौजूदा स्थिति पिछले 60 साल में अभूतपूर्व है.
पूरे राज्य में 20 हजार लोग किए गए नजरबंद - नैनार नागेंद्रन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नजरबंद करने का आरोप लगाते हुए कहा, 'मैंने आज शाम मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करने की योजना बनाई थी, लेकिन हमारे अधिकांश पार्टी कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया गया है. तिरुनेलवेली में करीब 500 भाजपा कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया है, जबकि पूरे तमिलनाडु में 20,000 से अधिक भाजपा और हिंदू मुन्नानी कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया.'
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई निंदनीय है. मुख्यमंत्री विजय तमिलनाडु में स्थिति को संभालने में विफल रहे हैं. तिरुपरंकुंद्रम दीपम मुद्दे पर भाजपा नेता एल. मुरुगन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार और मंदिर अधिकारियों को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर निर्धारित स्थान पर कार्तिगाई दीपम जलाने का निर्देश दिया.
इंदिरा गांधी के आपातकाल की दिलाई याद - एल. मुरुगन
उन्होंने कहा, 'भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, हिंदू मुन्नानी प्रदेश अध्यक्ष काडेश्वर सुब्रमण्यम और अन्य हिंदू नेताओं को पहाड़ी पर जाने का प्रयास करने पर नजरबंद कर दिया गया है. यह हमें इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल की याद दिलाता है. मैं सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करता हूं और उससे सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने और दीपम जलाने का आग्रह करता हूं.'
ये भी पढ़ें - तिरुवन्नामलाई में 2,668 फीट ऊंची पहाड़ी पर महादीपम, 4500 लीटर घी से रोशन होगी ज्योति; लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
इस मुद्दे पर विश्व हिंदू परिषद ने राज्य की जोसेफ विजय सरकार की कड़ी आलोचना की है. परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बयान जारी कर कहा, 'तमिलनाडु में जो हुआ, वह ठीक वही है जिसका मुझे डर था. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश से भी ऊपर अपनी तानाशाही थोप दी है!'
सर्वोच्च अदालत के आदेश का पालन नहीं हुआ- विनोद बंसल
विनोद बंसल ने कहा, 'आज तमिलनाडु के तिरुपरनकुंतम में जो कुछ भी हुआ, वह न केवल करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि यह न्यायपालिका की गरिमा, संविधान के शासन और नागरिकों के मौलिक अधिकारों से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला है. यदि कोई सरकार इतनी निरंकुश और तानाशाह हो जाए कि वह देश की सर्वोच्च अदालत के आदेशों का भी पालन न करे, तो क्या वहां कानून का शासन या संविधान सुरक्षित माना जा सकता है?'