'वह बहुत मिलसार और दयालु हैं', पीएम मोदी के मुरीद हुए सैम पित्रोदा, जमकर की तारीफ
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है और उन्हें एक अच्छा वक्ता करार दिया है. पित्रोदा के इस बयान ने लोगों को चौंका दिया है.
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधे हैं. पित्रोदा ने पीएम मोदी को एक अच्छा वक्ता करार दिया और पीएम को बहुत ही मिलनसार, दयालु, स्नेही और परवाह करने वाला भी बताया है. सैम पित्रोदा का यह चौंकाने वाला बयान ऐसे समय पर आया है, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जल्द ही अमेरिका के दौरे पर जाने वाले हैं.
दरअसल, राहुल गांधी के अमेरिकी दौरे को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा था.राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा के ‘विदेशी हस्तक्षेप’ के दावों को पित्रोदा ने ‘घिसा-पिटा राजनीतिक हौवा करार दिया था. अब अपने एक बयान में पित्रोदा ने दावा किया कि उनका पीएम मोदी से कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं.
सैम पित्रोदा ने पीएम की तारीफ कर चौंकाया
बता दें कि सैम पित्रोदा का यह चौंकाने वाला बयान उस सवाल के जवाब में आई, जिसमें कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा कभी प्रधानमंत्री मोदी को एक बड़ा वक्ता बताए जाने का जिक्र था. समाचार एजेंसी IANS से साक्षात्कार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अपनी राय पूछे जाने पर पित्रोदा ने कहा कि वह एक व्यक्ति के रूप में उनका (PM मोदी का) सम्मान करते हैं और उन्हें मेहनती मानते हैं.
'गुजराती मित्र हैं पीएम मोदी'
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पीएम मोदी हमारे एक गुजराती मित्र हैं. मैं एक व्यक्ति के रूप में उनका सम्मान करता हूं. मैं उनसे मिला हूं. मेरी पत्नी और मैं उनसे मिले हैं. व्यक्तिगत स्तर पर वे बहुत मिलनसार, दयालु, स्नेही और परवाह करने वाले रहे हैं. बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती हैं. हमारी आपस में अच्छी बनती है.
'कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं'
पित्रोदा ने कहा कि हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं. एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के रूप में, मुझे पीएम मोदी से कोई शिकायत नहीं है. वे मेरे प्रति बहुत स्नेहपूर्ण हैं. इस बारे में कोई समस्या नहीं है. मैं इस बात की कद्र करता हूं.
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके जो भी मतभेद हैं, वे विचारधारा से जुड़े हैं, न कि व्यक्तिगत स्तर पर. पित्रोदा ने कहा कि मैं कई बार गुजरात में उनके घर जा चुका हूं, लेकिन दुनिया को लेकर उनके विचारों से मुझे असहमति हो सकती है. उनकी विचारधारा से मुझे दिक्कत हो सकती है.
सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को बताया था अच्छा वक्ता
बता दें कि साल 2018 में सोनिया गांधी ने कहा था कि वह इस बात से सहमत हैं कि पीएम मोदी एक अच्छा और बड़े वक्ता हैं. सोनिया गांधी ने कहा था कि मोदी को अच्छे भाषण देने की अपनी क्षमता पर गर्व है. मैं पूरी तरह से मानती हूं कि वे एक अच्छे वक्ता हैं और किसी अभिनेता की तरह बोलते हैं, लेकिन देश को इस बात से हैरान होती है कि वे जहां भी जाते हैं, गलत बातें बोलते हैं. (इनपुट- आईएएनएस)
यह भी पढ़ें: 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे सांसद को कांग्रेस का इनाम? मणिपुर की दोनों चुनाव समितियों में मिली जगह
यह भी पढ़ें: NCP के मर्जर पर सुनेत्रा पवार के जवाब ने बढ़ाया सस्पेंस; कहा- जल्द तस्वीर साफ हो जाएगी