इश्क, शक और साजिश: दोस्त की पत्नी ने लिखी मौत की स्क्रिप्ट, पुणे की एयर होस्टेस मर्डर केस में बड़ा खुलासा
पुलिस के मुताबिक, वर्षा तुर्कर और नितेश अग्रवाल के बीच प्रेम-संबंध थे. नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल को इस बात की भनक लग गई थी. इससे वह काफी नाराज थी और उसने 13 साल रुपये की सुपारी देकर वर्षा की हत्या करवाई थी.
पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुर्कर हत्याकांड का महाराष्ट्र पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतक वर्षा तुर्कर के दोस्त नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों के शक में वर्षा की हत्या की गई. पुलिस का दावा है कि नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने 13 लाख की सुपारी देकर वर्षा की हत्या करवाई थी. पुलिस सुपारी लेकर हत्या करने वाले अपराधियों को भी धर दबोचा है. हालांकि, दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं.
14 नवंबर को हुई थी वर्षा की हत्या
पुलिस के अनुसार, पुणे जिले के धनोरी की रहने वाली वर्षा तुर्कर दिवाली की छुट्टियों में अपने मायके आई थी. 14 नवंबर को वह अपनी दोस्त नितेश के साथ वैनगंगा नदी के किनारे घूमने गई थी. वहां वर्षा पर अज्ञात हमलावरों ने जनलेवा हमला किया था. वर्षा की पीठ पर चाकुओं से कई वार किए गए थे. नितेश ने ही वर्षा के परिवार को जानलेवा हमले किए जाने की जानकारी दी थी. परिजन उसे (वर्षा) अस्पताल लेकर गए, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने वर्षा को मृत घोषित कर दिया था.
पहले नितेश पर गया था शिकंजा
पुलिस ने पहले इस हत्याकांड में नितेश अग्रवाल को अरेस्ट किया था. नितेश पर इसलिए शक था, क्योंकि वर्षा के कातिलों ने उसे बिल्कुल चोट नहीं पहुंचाई थी. हालांकि, पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई, तो नितेश और वर्षा के कथित प्रेम-संबंधों का खुलासा हुआ. इसके बाद नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल की खतरनाक साजिश का खुलासा हुआ. इस हत्याकांड की जांच में गोंदिया पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करते हुए एक संदिग्ध आरोपी इमरान शेख तक पहुंची. इमरान शेख ने पुलिस पूछताछ में सारी सच्चाई उगल दी.
एक गलती से सलाखों के पीछे पहुंची मोना
पुलिस के मुताबिक, मोना अग्रवाल ने अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर के जरिए शाहरुख पठान नाम के अपराधी को 13 लाख की सुपारी दी थी. शाहरुख ने हत्या की जिम्मेदारी इमरान शेख, नलेन शेख और कृष राउत को सौंपी. पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन नितेश के पास जो कार थी, वह मोना के नाम पर है. मोना ने कार को ट्रैक करने के लिए अपराधियों को उसके GPS ऐप 'टोयोटा आई-कनेक्ट' का ID और पासवर्ड दे दिया था. इसी GPS लोकेशन की मदद से आरोपी सीधे वर्षा तक पहुंचे थे.