कौन है पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर अमृतपाल बाठ, जिसे कनाडा से किया गया गिरफ्तार; जल्द लाया जाएगा भारत
पंजाब के गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ को कनाडा में गिरफ्तार किया गया है. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. बाठ को भारत लाने की तैयारी की जा रही है. पंजाब के तरनतारन जिले के एसएसपी ने इस मामले में कहा कि सभी प्रक्रिया कानून के अनुरूप की जाएगी.
Punjab News: देश में गैंगस्टरों के खिलाफ जारी एक्शन के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ उर्फ हरप्रीत सिंह को कनाडा से गिरफ्तार किया गया है. उसकी गिरफ्तारी कनाडा सरी बॉर्डर से हुई. पंजाब पुलिस की ओर से शुरू की गई प्रक्रिया के तहत केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने बाठ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. इसी नोटिस के आधार पर यह एक्शन लिया गया. इससे पहले पंजाब विधानसभा में बाठ की गिरफ्तारी का मामला उठ चुका है.
दरअसल, बाठ के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में हत्या, फिरौती, हत्या के प्रयास, धमकियों समेत कई मामलों में आपराधिक केस दर्ज है. पंजाब पुलिस ने संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क स्थापित किया है और उसको पंजाब लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. आरोप है कि वह फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश भागा था. मामले में एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि यह प्रक्रिया जांच के अधीन है और कानून के अनुसार आगे बढ़ेगी.
भारत लाने की तैयारी में अधिकारी
गैंगस्टर बाठी को तय प्रत्यर्पण के नियमों के तहत भारत लाने की तैयारी की जा रही है. इस मामले में तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एसएसपी) सुरिंदर कुमार लांबा ने बताया कि गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ को कनाडा से वापस भारत लाने के लिए सभी तय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही है. एसएसपी लांबा ने बताया कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के के साथ और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गैंगस्टर को भारत लाया जाएगा. पुलिस ने बताया कि भारत आने के बाद गैंगस्टर गहन पूछताछ की जाएगी.
गैंगस्टर के खिलाफ कई मामले दर्ज
अमृतपाल सिंह बाठ पंजाब के तरनतारन जिले के मियांपुर गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, धमकी देने और ड्रग के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस से बचने के लिए उसने फर्जी पासपोर्ट बनवाया और फिर विदेश भाग गया.
पिछले लंबे समय से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में थी और फिर रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. आरोप है कि बाठ ने ही झब्बाल के सरपंच अवन कुमार मोनू चीमा की हत्या साल 2024 में कराई थी. वहीं, गांव लालू घुम्मण के बुजुर्ग सरपंच की हत्या में भी बाठ नामजद था.
गौरतलब है कि सरपंच सोनू चीमा सैलून में बाल कटाने आए थे, उसी दौरान बाइक पर आए कुछ बदमाशों ने उनेक पेट में दो गोलियां मारी. गंभीर हाल में उनको अमृतसर के अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हत्या के मामले में अमृतपाल बाठ का नाम सामने आया था.
यह भी पढ़ें: साबरमती जेल में लॉरेंस पर '200 खोली' वाला पहरा: 7.5x11 की कालकोठरी में बंद हुआ गैंगस्टर, रंगदारी नेटवर्क ध्वस्त