)
दिवाली से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर अलर्ट जारी है. इसी कड़ी में इनकी बिक्री रोकने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापे मारे हैं. जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों का निरीक्षण किया.
इस दौरान कई जगह साफ-सफाई की व्यवस्था में कमी मिली. वहीं कुछ प्रतिष्ठानों पर जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे. इन कमियों को देखते हुए विभाग ने 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए. जांच के दौरान पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीन नमूने भी लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया. यहां साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने और जरूरी अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए. इसके अलावा जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई. दादरी में स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. यहां जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया.
विभाग का उद्देश्य खाद्य सामग्री के भंडारण से लेकर उपभोक्ताओं तक उसकी डिलीवरी होने तक जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है. विभागीय टीमों ने सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की भी जांच की. इन स्थानों पर साफ-सफाई और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए गए.
सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दानों का नमूना लिया गया. वहीं, ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना एकत्र किया गया. पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीनों नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है. इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में कोल्ड रूम के अंदर गंदगी और अव्यवस्था मिली. इस पर विभाग ने जरूरी सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया. मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टोर को सुधार नोटिस भी जारी किया गया. इसके अलावा पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियोमार्ट, पी-3 स्थित केवी एंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (स्विगी स्टोर), शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो डार्क स्टोर और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर का भी निरीक्षण किया गया.
जांच के दौरान कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जैसे दस्तावेजों की उपलब्धता भी देखी गई. सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दिवाली के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है और आगे भी निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें.
(रिपोर्ट जी टीवी)