)
LPU Hungama Latest Updates: एक छात्रा के साथ कथित बलात्कार की खबर के बाद पंजाब में फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में रातभर हंगामा मचा रहा. पूरी रात स्टूडेंट्स उपद्रव करते रहे, जिसे कंट्रोल करने में पुलिस को पसीने छूट गए. स्टूडेंट्स ने पुलिस पर पत्थरों के साथ ही पानी की बोतलें भी फेंकी और जमकर नारेबाजी की.
हालात शांत करने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों के नेतृत्व में यूनिवर्सिटी परिसर में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें स्टूडेंट्स से शांत रहने की अपील की गई. फ्लैग मार्च को लीड कर रहे एडीजीपी फयाज फारूकी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिसर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है.
उन्होंने कहा, यूनिवर्सिटी परिसर में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है. हम स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए काम कर रहे हैं. मैं इस समय और अधिक विवरण नहीं दे सकता. जिन परिवारों की बेटियां यहां हॉस्टल में रह रही हैं, वे चिंता न करें. यहां पर हर कोई सुरक्षित है. यहां का माहौल पूरी तरह से शांत है और यूनिवर्सिटी के छात्र भी शांति बहाल करने में हमारा सहयोग कर रहे हैं.
जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि हॉस्टल में उपद्रव की खबरें महज अफवाह थीं. उनमें कोई सच्चाई नहीं थी. उन्होंने जोड़ा कि सभी हॉस्टलों की जांच कर ली गई है और स्थिति सामान्य है. इसके साथ ही यूनिवर्सिटी के आसपास ट्रैफिक के लिए सड़कें भी खोल दी गई हैं. अन्य मामलों को छात्रों के साथ बातचीत के जरिए सुलझा लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी छात्र सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है.
बताते चलें कि सोशल मीडिया पर रविवार को एक अफवाह वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया था कि LPU में एक छात्रा के साथ रेप किया गया. यह अफवाह आग की तरह पूरी यूनिवर्सिटी में फैल गई, जिसके बाद स्टूडेंट्स भड़क उठे और भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया.
प्रदर्शन की वजह से यूनिवर्सिटी के पास वाली सड़कों पर दिनभर ट्रैफिक जाम रहा. जिसमें सैकड़ों वाहन फंसकर रह गए. ऐसे ही पीड़ित एक ट्रक ड्राइवर ने कहा कि वह सुबह 7 बजे से जाम में फंसा हुआ था. स्टूडेंट्स का हमला होते देख उन्हें ट्रक छोड़कर भागना पड़ा.
इसी बीच यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कथित बलात्कार की वजह से शुरू हुए हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए मिड-टर्म परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दीं हैं. प्रबंधन ने एक बयान में कहा यूनिवर्सिटी ने 28 सितंबर से शुरू होने वाली नियमित कक्षाओं को भी 10 दिनों के लिए स्थगित कर दिया है. इसके साथ ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और आगे के अपडेट के लिए वेबसाइट से जुड़े रहने की भी अपील की है. (एएनआई)