'पाकिस्तान ख्याली पुलाव पकाना छोड़ दे; दिल्ली भी आतंकवाद खत्म होने का ढोल पीटना बंद करे': फारूक का तीखा वार
कुलगाम और किश्तवाड़ में आतंकी हमलों के बाद फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने केंद्र के आतंकवाद खत्म होने के दावों पर सवाल उठाते हुए भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत और SAARC बहाली की मांग की.
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो लोग सोचते हैं कि कुलगाम जैसे हमलों से कश्मीर पर कब्जा किया जा सकता है, वे सिर्फ ख्याली दुनिया में जी रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे लोगों के यह दावा करना बंद करना चाहिए कि आतंकवाद खत्म हो गया है.
फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को कुलगाम और किश्तवाड़ में हुई लगातार आतंकी घटनाओं के बाद एक कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और उसके मोहरे अगर यह सोचते हैं कि छिटपुट हमलों से कश्मीर को भारत से अलग किया जा सकता है, तो वे खुद को धोखा दे रहे हैं. वहीं, दिल्ली में जो लोग बार-बार यह दावा करते हैं कि आतंकवाद खत्म हो गया है, उन्हें इस कड़वी सच्चाई का सामना करना चाहिए कि आतंकवाद अभी भी मौजूद है और इसे जड़ से खत्म करना जरूरी है, जिसके लिए उन्हें कदम उठाने चाहिए.
कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है
अब्दुल्ला ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कश्मीर में आतंकवाद कभी कामयाब नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जो लोग हिंसा के जरिए इस इलाके पर कब्जा करने का ख्वाब देख रहे हैं, वे पूरी तरह से गलतफहमी में जी रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा. उन्होंने कहा,'अगर उन्हें लगता है कि ऐसे हमले करके वे कश्मीर पर कब्जा कर लेंगे, तो उन्हें इस गलतफहमी से बाहर आ जाना चाहिए. वे जो चाहें कर लें.'
खतरा अभी टला नहीं है- अब्दुल्ला
फारूक अब्दुल्ला का यह बयान लगभग 24 घंटों के अंदर हुई दो घटनाओं के बाद आया है. किश्तवाड़ के दूरदराज इलाके 'दच्छन' में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) की हत्या कर दी गई और उनके हथियार छीन लिए गए. इसके अलावा कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में, मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने CRPF की एक चौकी पर गोलीबारी की, जिसमें तीन जवान घायल हो गए. अब्दुल्ला ने इन हमलों का हवाला देते हुए कहा कि खतरा अभी टला नहीं है. उन्होंने कहा,'ऐसी घटनाएं अभी भी हो रही हैं और किसी को नहीं पता कि अगला हमला कहां होगा.'
'आतंकवाद अभी-भी मौजूद है, डरने की जरूरत नहीं'
उन्होंने दिल्ली से अक्सर पेश किए जाने वाले उस दावे को सीधे तौर पर चुनौती दी, जिसमें अनुच्छेद-370 हटने के बाद सब कुछ पूरी तरह सामान्य होने की बात कही जाती है. अब्दुल्ला ने कहा कि जो लोग रोज दावा करते हैं कि आतंकवाद खत्म हो गया है, उन्हें याद दिलाने की जरूरत है कि यह अभी भी मौजूद है. इसे खत्म करने के तरीके खोजने होंगे. साथ ही, उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे डरें नहीं, आतंकवाद मौजूद जरूर है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है.
SAARC को फिर से एक्टिव करने की मांग
उन्होंने आगे कहा,'मैं हमेशा से कहता हूं लड़ाई बंद करो. इससे कुछ हासिल नहीं होगा. बातचीत का रास्ता अपनाओ, जिससे कोई समाधान निकल सके. हम दोनों कभी एक ही देश का हिस्सा थे.' उन्होंने सार्क (SAARC) को फिर से एक्टिव करने की भी बात कही, ताकि क्षेत्र के देश एक साथ बैठ सकें, अपने मतभेदों को सुलझा सकें और सामूहिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ सकें. उन्होंने जोड़ा कि गोलियां और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते.