App

अंडर-19 एशिया कप: अफगानिस्तान को रौंद फाइनल में पहुंची भारत की 'यंगिस्तान', पाकिस्तान से होगा महामुकाबला

मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा. इंडिया अंडर-19 टीम ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान अंडर-19 टीम को 8 विकेट से रौंद दिया. कप्तान लक्ष्य और आर्यवीर सहवाग के बीच 17 रनों की मैच विनिंग साझेदारी हुई.

अंडर-19 एशिया कप: अफगानिस्तान को रौंद फाइनल में पहुंची भारत की 'यंगिस्तान', पाकिस्तान से होगा महामुकाबला
Image Credit: अफगानिस्तान को रौंद फाइनल में पहुंची भारत की 'यंगिस्तान', पाकिस्तान से होगा महामुकाबला (BCCI)

मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से रौंदकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इंडिया अंडर-19 टीम ने दो विकेट खोकर 229 रनों के लक्ष्य का आसानी से पीछा कर लिया. कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने 93 रनों की शानदार पारी खेली. शानदार फॉर्म में चल रहे वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने भी अर्धशतक जड़ा. दाएं हाथ के ओपनर ने 57 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए.

मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा. ये ब्लॉकबस्टर मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. ग्रुप स्टेज में जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थी, तब पाकिस्तान अंडर-19 ने भारत अंडर-19 को 3 विकेट से हराया था. भारत के यंगिस्तान पाकिस्तान से बदला लेने को बेताब होंगे.

भारत की 'यंगिस्तान' ने अफगानिस्तान को रौंदा

अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए सेमीफाइनल मैच में भारतीय जूनियर टीम का दबदबा देखने को मिला. भारत अंडर-19 टीम ने गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 50 ओवरों में 227 रनों पर रोक दिया. इसके जवाब में कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की पार्टनरशिप की और भारत की जीत लगभग पक्की कर दी. आर्यवीर 51 रन और लक्ष्य 93 रन बनाकर आउट हो गए. नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे वीके विनीत ने भी 57 रनों की नाबाद पारी खेली और भारत को 8 विकेट से जीत दिलाई.

फाइनल में भारत बनाम पाकिस्तान

दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने आसानी से बांग्लादेश को 9 विकेट से धूल चटाकर फाइनल में जगह बनाई. बांग्लादेश अंडर-19 टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 138 रनों पर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने एक विकेट खोकर 21.5 ओवर में ही लक्ष्य का पीछा कर लिया. अब फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा.

ये मैच बेहद रोचक होगा, क्योंकि ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ था. मैदान पर थोड़ी गर्मागर्मी भी देखने को मिली थी, जिससे माहौल गरम हो गया था. उस मैच में पाकिस्तान ने 3 विकेट से बाजी मारी थी. भारत की 'यंगिस्तान' अब पाकिस्तान से बदला लेने उतरेगी. ये महामुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को खेला जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More