जमीन सौदे के बहाने बुलाया और फिर कर दिया हमला, जलगांव में मिला डॉक्टर का सड़ा-गला शव, एक CDR ने खोला हत्यारों का राज
महाराष्ट्र के जलगांव में डॉक्टर के मर्डर का मामला सामने आया है. आरोप है कि कृषि सौदे से जुड़े कमीशन को लेकर डॉक्टर को घर से बुलाकर लैंड एजेंट ने उसका मर्डर कर दिया.
महाराष्ट्र के जलगांव में जमीन के लेन-देन के विवाद को लेकर एक डॉक्टर की हत्या कर दी गई. वह 18 नवंबर को घर से लापता हुए थे. उनका सड़ा-गला शव सोमवार सुबह बांध के भीतर बोरे में बंद मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक उनकी हत्या कृषि भूमि के सौदे को लेकर की गई थी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी कर हत्या के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
जमीन के कमीशन की बात करने के लिए डॉक्टर को बुलाया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गावित ने बताया कि डॉक्टर संजय तेली की गोरडखेड़ा गांव में जमीन थी. डॉक्टर ने यह जमीन धर्मराज पाटिल नाम के लैंड एजेंट से ली थी. पाटिल ने सौदे से जुड़े कथित 1.90 लाख रुपये के कमीशन की बात करने के लिए डॉक्टर संजय तेली को 18 नवंबर को गोरडखेड़ा बुलाया था. वहां पर धर्मराज पाटिल के साथ उसका कर्मचारी संजय भील भी था.
हत्या करके शव बोरे में बांधा और बांध में फेंक दिया
आरोप है कि जब डॉक्टर संजय तेली वहां पहुंचे तो सौदे को लेकर उनकी लैंड एजेंट के साथ बहस हो गई. इसी दौरान पाटिल ने कथित तौर पर धारदार हथियार से डॉक्टर तेली की हत्या कर दी. इसके बाद अपने कर्मचारी संजय भील के साथ मिलकर शव को बोरे में भरकर बहुला बांध में फेंक दिया.
कॉल डिटेल से खुल गया हत्या का राज
जब देर शाम तक डॉक्टर तेली घर नहीं पहुंचे तो परिवार वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की. कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस को कॉल की गई. शिकायत मिलने पर पुलिस ने डॉक्टर तेली के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले. क्लू मिलते ही पुलिस लोकेशन वाली जगह पर पहुंची तो वहां पर उसे डॉक्टर तेली की गाड़ी मिल गई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर धर्मराज पाटिल को पकड़ लिया. जिसने पूछताछ में कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया. उसने बताया कि जमीन सौदे के विवाद में उसने अपने कर्मचारी के साथ मिलकर डॉक्टर की हत्या कर दी थी. इसके बाद दूसरे आरोपी संजय भील को भी पकड़ लिया गया.
ये भी पढ़ें- अंदर से बंद था कमरा, बदबू आने पर खुला रूम तो सामने मिली सड़ी-गली लाश, कोलकाता घूमने आए जर्मन नागरिक को किसने मारा?