App

रेहड़ी-पटरी वालों की मौज: नवरात्र, दिवाली और छठ में खूब बेचिए सामान, स्थानीय वेंडर्स के लिए आ गई अच्छी खबर; आदेश भी जारी

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत दी है. त्योहारी सीजन के समय स्थानीय वेंडर्स को बेवजह नहीं हटाया जा सकेगा. इसके लिए NHRC की ओर से निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को किसी भी स्थानीय वेंडर का सामान जब्त करने से रोकना होगा.

रेहड़ी-पटरी वालों की मौज: नवरात्र, दिवाली और छठ में खूब बेचिए सामान, स्थानीय वेंडर्स के लिए आ गई अच्छी खबर; आदेश भी जारी
Image Credit: एनएचआरसी ने स्थानीय वेंडर्स को दे दी गुडन्यूज. (फाइल फोटो)

अक्टूबर महीने की शुरुआत होने के साथ ही त्योहारों की बहार आ जाती है. देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न त्योहार की तैयारी भी शुरू हो जाती है. बजारों में रौनक बढ़ जाती है और सड़कों पर रेहड़ी-पटरी वाले त्योहारों से जुड़े सामान बेचते नजर आ जाते हैं. अच्छी कमाई के लिहाज से रेहड़ी-पटरी वालों के लिए या छोटे दुकानदारों के लिए त्योहारों का मौसम एक बड़ा अवसर होता है. हालांकि, कई बार उन्हें हटाए जाने की चिंता सताती रहती है. अधिकारी अतिक्रमण हटाने के नाम पर रेहड़ी-पटरी वालों को हटा देते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा.

दरअसल,  नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के दौरान रेहड़ी-पटरी वालों, कुम्हारों, फेरीवालों के साथ छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है. सोमवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने देश के सभी राज्यों ओर केंद्रशासित राज्यों को निर्देश दिया है कि त्योहारी सीजन के समय स्थानीय वेंडर्स को बेवजह न हटाया जाए और न ही उन्हें परेशान किया जाए. उनकी आजीविका छीनने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए.

NHRC का राज्यों को सख्त निर्देश

सोमवार (05 अक्टूबर) को एनएचआरसी (NHRC) की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि त्योहारों के दौरान रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे व्यापारियों के रोजगार और मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही आदेश में कहा गया कि अगर फायर सेफ्टी या सार्वजनिक सुरक्षा के कारण किसी वेंडर को हटाना पड़े, तो उसे वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराया जाए. इसके साथ ही मनमानी जब्ती और बेवजह जुर्माने से बचने को भी कहा गया है. इसके अलावा लंबित मामलों में कोई भी अतिरिक्त या पूर्ण कार्रवाई रिपोर्ट 18 अक्टूबर तक जमा करनी होगी.

NHRC के निर्देश की अहम बातें

  • NHRC ने अपने आदेश में बेवजह अतिक्रमण की कार्रवाई पर रोक लगाने का कहा है और स्थानीय वेंडर्स को अनावश्यक रूप से हटाने या परेशान करने से बचने की सलाह दी है.
  • किसी कारणवश या सुरक्षा उपायों के कारण किसी वेंडर को हटाना पड़ रहा है, तो उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए. 
  • किसी भी स्थानीय वेंडर का सामान जब्त नहीं किया जाना चाहिए. दुकानदारों का सामान मनमानी तरीके से न जब्त किया जाए और बिना किसी वजह के उनपर जुर्माना न लगाया जाए.
  • यह बात भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वेंडर्स से जबरन वसूली, उत्पीड़न और अनुचित हस्तक्षेप की शिकायतों पर कानून के मुताबिक एक्शन होना चाहिए.

आदेश का पालन करने की अपील

देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के मुख्य सचिवों को दिए गए आदेशों का व्यापक प्रचार करने और जिला प्रशासन, नगर निगम तथा पुलिस के जरिए उनका पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है. इस नए आदेश से साफ है कि त्योहारों की असली रौनक बढ़ाने वाले छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों के रोजगार पर अब बिना किसी कारण के एक्शन नहीं होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More