App

'वह अघोषित एजेंट हैं...': मणि शंकर अय्यर का 'पाकिस्तान प्रेम', बातचीत वाले बयान पर VHP ने सुनाई खरी-खरी

पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर का एक बार फिर पाकिस्तान प्रेम छलका है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करने का साहस तो दिखा सकती है. लेकिन उससे बातचीत करने का नहीं. उनके इस बयान पर वीएचपी ने हमला बोला है.

'वह अघोषित एजेंट हैं...': मणि शंकर अय्यर का 'पाकिस्तान प्रेम', बातचीत वाले बयान पर VHP ने सुनाई खरी-खरी
Image Credit: मणिशंकर अय्यर पहले भी विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहे हैं.

पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने रविवार को पाकिस्तान राग अलापा और पड़ोसी मुल्क से बातचीत नहीं करने को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला. अय्यर ने कहा कि मोदी सरकार के पास सर्जिकल स्ट्राइक करने का 'साहस' तो है लेकिन वह मुद्दों को सुलझाना नहीं चाहती.

एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत-पाक को अटारी बॉर्डर पर बातचीत करनी चाहिए. उन्होंने जोर दिया कि पुराने मुद्दों पर बहस करना विदेश नीति नहीं थी. उन्होंने कहा, 'हमारे अंदर पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करने का साहस है. लेकिन टेबल पर बैठकर हम उनसे बात क्यों नहीं कर रहे हैं. हम क्यों उनको दोस्त नहीं बना सकते?'

हम इतना साहस क्यों नहीं दिखाते?

उन्होंने पूछा, 'क्या दुनिया में कोई और ऐसा देश है जिसके साथ हम पाकिस्तान की तुलना में ज्यादा सहज महसूस करते हैं? क्या दुनिया में कोई ऐसा देश है जिसके साथ पाकिस्तान, आप जानते हैं, हमारे मुकाबले ज्यादा आसानी से बातचीत कर सकता है?'

पाकिस्तान के साथ पुरानी बातचीतों को याद करते हुए अय्यर ने कहा, 'हम इतना साहस क्यों नहीं दिखाते कि हम वहां जाएं और उनको यहां आने दें.' उन्होंने कहा, 'अगर हम उतना साहस नहीं दिखाते हैं तो मेरा सुझाव है कि हमें वाघा-अटारी बॉर्डर पर मिलना चाहिए. एक मेज बॉर्डर लाइन पर रख दो ताकि न तो पाकिस्तानी डेलिगेशन को बातचीत करने के लिए पाकिस्तान छोड़ना पड़े और ना हमें भारत. इस बातचीत को जारी रखना चाहिए.'

उन्होंने कहा कि बातचीत से ही पता चल जाएगा कि क्या मुद्दे सुलझ सकते हैं और क्या नहीं.

अमेरिकी भी करते हैं रूसियों से बात

उन्होंने कहा, 'जब भी कोई प्रस्ताव आता है तो उस पर एक्शन लेना चाहिए और जो सुलझ नहीं सकता है, उसको स्थगित कर देना चाहिए. ऐसा कहना चाहिए कि यह हमारी इस पर सहमति नहीं है लेकिन हम हमारी बातचीत जारी रखेंगे. जब भी माहौल बदले तो बाकी मुद्दों पर बातचीत होनी चाहिए.'

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अतीत में हुआ विवाद विदेश नीति नहीं है. मणिशंकर ने कहा, 'मुझे लगता है कि किसी भी तरह के सार्थक नतीजे पर पहुंचने का एकमात्र तरीका उनसे बातचीत करना ही है, चाहे इसमें कितना भी समय क्यों न लगे. और अमेरिकियों ने रूसियों के साथ यही किया था. उन्होंने कभी भी राजनयिक संबंध नहीं तोड़े. उन्होंने कभी भी बातचीत बंद नहीं की. समझदार देश एक-दूसरे से बातचीत करते हैं; बेवकूफ देश एक-दूसरे से बातचीत नहीं करते.'

VHP ने बोला हमला

अय्यर के बयान पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने हमला बोला. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि या तो उन्हें पाकिस्तान से भारी फंडिंग मिली है, या फिर वे असल में पाकिस्तान के अघोषित एजेंट हैं. एक ऐसा मामला जिस पर कांग्रेस ने अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है. या फिर, कांग्रेस ने उन्हें पार्टी में इसलिए बनाए रखा है ताकि उनकी पाकिस्तान-समर्थक सोच और भारत-विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके. ऐसा इसलिए है क्योंकि जब भी वे बोलते हैं, तो ऐसा लगता है कि वे बस पाकिस्तान की ही बातें दोहरा रहे हैं.'

पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

हालांकि, देखा जाए तो विवादों से मणिशंकर अय्यर का पुराना नाता रहा है. पहले भी वह ऐसे कई विवादित बयान दे चुके हैं, जिनसे देश की सियासत में खलबली मच गई थी.

1.PM मोदी को कहा था चायवाला

अय्यर शायद पहले ऐसे नेता थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'चायवाला' कहकर मजाक उड़ाया था. 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले, उन्होंने कहा था कि कांग्रेस, गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी का AICC की बैठकों में चाय बेचने के लिए स्वागत करेगी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि नरेंद्र मोदी इस देश के प्रधानमंत्री कभी नहीं बनेंगे. बीजेपी ने इस टिप्पणी का फायदा उठाया और 'चाय पे चर्चा' अभियान शुरू किया, जो आगे चलकर वोटरों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ.

2. 'नीच' वाले बयान पर हुए थे सस्पेंड

2017 में, गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर 'नीच' शब्द का इस्तेमाल करने के कारण मणि शंकर अय्यर को तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी से सस्पेंड कर दिया था.

अय्यर ने प्रधानमंत्री पर तब हमला किया था, जब उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने राष्ट्र-निर्माण में बीआर अंबेडकर के योगदान को मिटाने की कोशिश की. अय्यर ने कहा कि पीएम की टिप्पणियां उनकी घटिया सोच को दर्शाती हैं. मोदी को 'नीच किस्म का आदमी' कहना कांग्रेस पर ही उल्टा पड़ गया और पार्टी को गुजरात विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. नौ महीने बाद, उनका सस्पेंशन रद्द कर दिया गया था.

3. औरंगजेब से की तुलना

2017 में, जब राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया तो अय्यर ने इसकी तुलना औरंगजेब के मुगल गद्दी संभालने से की थी. अय्यर ने कहा, 'क्या मुगल शासन के दौरान कभी चुनाव हुए थे? जहांगीर के बाद शाहजहां आए. क्या कोई चुनाव हुआ था? शाहजहां के बाद यह तय था कि औरंगजेब ही शहंशाह बनेंगे.'

भारतीय जनता पार्टी ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अय्यर की बातों से साबित होता है कि कांग्रेस ने मान लिया है कि वह एक परिवार द्वारा चलाई जाने वाली पार्टी है और लोग नहीं चाहते कि उन पर औरंगजेब जैसा शासन हो.

4. चीन को लेकर दिया बयान

मई 2024 में, लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान, अय्यर ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि अक्टूबर 1962 में 'चीन ने कथित तौर पर भारत पर हमला किया था'. बीजेपी ने इस विवादित बयान की कड़ी आलोचना की और इसे इतिहास को गलत तरीके से पेश करने की बेशर्म कोशिश बताया.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर पोस्ट किया कि अय्यर ने बाद में माफी मांग ली थी. रमेश ने कहा, 'उनकी उम्र का लिहाज किया जाना चाहिए.'

5. राजीव गांधी पर ही उठाए सवाल

मार्च 2025 में अय्यर फिर चर्चा में आए. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शैक्षणिक योग्यता और पीएम की कुर्सी संभालने के लिए उनकी काबिलियत पर ही सवाल उठा दिए. एक इंटरव्यू में अय्यर ने आरोप लगाया था कि राजीव गांधी कैम्ब्रिज और इंपीरियल कॉलेज लंदन में फेल हो गए थे. बाद में अय्यर ने दावा किया कि बीजेपी ने 2 घंटे के इंटरव्यू से 50 सेकंड की क्लिप ली, जिसमें उन्होंने गांधी को 'बेहतरीन प्रधानमंत्री' बताया था.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More