App

ताजमहल में बवाल: क्या CISF के जवानों ने हाथापाई कर दी? पूर्वी गेट पर ऐसा क्या हो गया

आगरा के ताजमहल में पर्यटक और सुरक्षा बल के जवान के बीच झड़प हो गई. इस दौरान एक युवक बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं इस मामले पर ASI भी सख्त रुख अपनाया है. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है?

ताजमहल में बवाल: क्या CISF के जवानों ने हाथापाई कर दी? पूर्वी गेट पर ऐसा क्या हो गया
Image Credit: ZEE CREATIVE

दुनिया के 7 अजूबों में शामिल ताजमहल एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है. हालांकि, इस बार वजह उसकी खूबसूरती नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठा विवाद है. मिली जानकारी के मुताबिक, आगरा के ताजमहल के पूर्वी गेट पर पर्यटकों और CISF जवानों के बीच जमकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दरअसल, यह पूरा मामला ताजमहल के पूर्वी गेट का बताया जा रहा है. दिल्ली का एक परिवार आगरा ताजमहल का दीदार करने के लिए आया था. गेट पर मौजूद सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई. इस दौरान एक युवक बेहोश हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्मारक प्रशासन में हड़कंप मच गया.

झड़प के पीछे की क्या वजह?

वहीं दिल्ली के रहने वाले एक पर्यटक साजिद ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने के लिए आया था. उनके साथ एक 3 साल का बेटा भी मौजूद था. भारी भीड़ के चलते वह थोड़ी देर के लिए कहीं गायब हो गया. इसके बाद घबराए परिजनों ने बच्चे की खोजबीन की तो बच्चा CISF के जवान के पास सुरक्षित मिला.

दोनों में क्यों हुई थी झड़प ?

वहीं उन्होंने आगे बताया कि बच्चे को सौंपने से पहले CISF के जवान ने उसका आधार कार्ड मांगा. उस समय उसके पास उसका आधार कार्ड नहीं होने के चलते उसने अपने मोबाइल में बेटे के साथ वाली फोटो दिखाई और जन्मप्रमाण पत्र भी दिखाया. लेकिन उसके बावजूद भी जवान ने बच्चे को नहीं सौंपा. युवक ने बताया कि CISF जवान का साफ कहना था कि आधार कार्ड न दिखाने पर बच्चा चार दिन बाद ही वापस मिलेगा. इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई.

युवक ने लगाया गंभीर आरोप

युवक ने आरोप लगाया है कि बहस बढ़ने पर जवानों ने उनका फोन छीन लिया. जब उनके साले आजाद ने इसका विरोध किया तो सुरक्षाकर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी. चोट लगने के चलते आजाद मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा. वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया.

ये भी पढ़ेंः 'मां, भिक्षा दीजिए...' जब संन्यासी बनकर घर पहुंचे थे योगी, पाती में छलका मां के लिए प्यार

ASI  ने अपनाया सख्त रुख

वहीं इस पूरे मामले पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी ASI ने सख्त रुख अपनाया है. अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार ने कहा कि पर्यटकों और CISF जवानों के बीच झड़क की सूचना मिली है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल के कमांडेट से मामले पर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा.

(रिपोर्टः कृष्णदेव कुमार, आगरा)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More