)
पूर्णिया सासंद पप्पू यादव के काफिले के साथ हादसा हो गया. रविवार (23 नवंबर, 2026) की रात बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क पर उनकी स्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी. इस हादसे में 5 लोगों के घायल होने की खबर है. किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है. वहीं, पप्पू यादव सुरक्षित है. बता दें कि इस घटना की जानकारी खुद पूर्णिया सांसद ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर दी है. उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों में कमी को लेकर भारी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने ये भी कहा कि मौत को इतने करीब देखकर मन भावुक है.
'जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई, अभी कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान हमारी स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में जा गिरी. ईश्वर की कृपा और आप सबकी अनगिनत दुआओं से हमारे सभी लोग सुरक्षित हैं. बेलोरी–सन्हौली–सालमारी मुख्य सड़क पर बाढ़ के समय से ही सड़क क्षतिग्रस्त है, लेकिन आज तक इसका समुचित निर्माण नहीं कराया गया है. सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार की घोर लापरवाही और PWD के अभियंताओं की उदासीनता के कारण स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में गिर गई. मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, न ही उचित डायवर्जन की व्यवस्था थी और न ही सुरक्षा के लिए दूर तक कोई संकेत या अवरोधक लगाए गए थे. ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ दोषी है.'
पप्पू यादव ने पोस्ट में आगे लिखा- 'बारिश नहीं होती और मिट्टी गीली नहीं होती तो शायद हादसा और भी भयावह हो सकता था. इस दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं. किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है. जिसको उचित इलाज के लिए हमने भेजा है. लेकिन मौत को इतने करीब देखकर मन भावुक है. एक बड़ी अनहोनी टली, मगर यह एक बड़ी लापरवाही है उस कॉन्ट्रेक्टर कम्पनी का, जो यहां रोड निर्माण का कार्य कर रही है. न खतरे का बोर्ड, न कोई चेतावनी! आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही की नींद क्यों टूटेगी?'