)
केरल के कोझिकोड से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. वहां के एक बिजनेसमैन ने Facebook पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का एक ऐसा ही वीडियो देखा. वीडियो में एक ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर शानदार रिटर्न का वादा किया जा रहा था. बिजनेसमैन को लगा कि जब खुद देश की वित्त मंत्री कह रही हैं, तो बात पक्की ही होगी. बस, इसी भरोसे में उन्होंने वीडियो के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक किया और ठगों के बताए रास्ते पर चलते हुए 30 अलग-अलग ट्रांजैक्शन में करीब 1.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए. नतीजा? न तो कोई रिटर्न मिला और न ही उनकी अपनी रकम वापस आई.

आखिर ये Deepfake स्कैम काम कैसे करता है?
अगर आपको लगता है कि ठग सिर्फ एक फर्जी वीडियो बनाकर छोड़ देते हैं, तो आप गलत हैं. वो एक वीडियो तो बस उस बड़े जाल का दरवाजा है, जिसके अंदर जाने के बाद बाहर निकलना नामुमकिन सा हो जाता है.
Helo.ai के फाउंडर और एमडी विक्रम रायचुरा बताते हैं कि आज भी बहुत से लोगों को इस बात का अंदाजा नहीं है कि AI से बने डीपफेक वीडियो कितने असली दिख सकते हैं. स्कैमर्स बड़े नेताओं और मशहूर हस्तियों के चेहरे और आवाज की हूबहू नकल तैयार करते हैं. जब आम इंसान किसी जाने-पहचाने चेहरे को कोई स्कीम प्रमोट करते देखता है, तो उसका दिमाग सवाल करना बंद कर देता है.
जैसे ही कोई शख्स उस विज्ञापन के लिंक पर क्लिक करता है, असली खेल तब शुरू होता है. उसे तुरंत किसी फर्जी वेबसाइट या WhatsApp ग्रुप में जोड़ दिया जाता है. वहां खुद को फाइनेंशियल एडवाइजर बताने वाले लोग उनसे संपर्क करते हैं. ये लोग इतनी मीठी और प्रोफेशनल बातें करते हैं कि सामने वाले को रत्ती भर भी शक नहीं होता.
फर्जी मुनाफे का वो लॉलीपॉप जो दिमाग सुन्न कर देता है
साइबर अपराधी इंसानी लालच और भरोसे की साइकोलॉजी को बहुत अच्छे से समझते हैं. वो सिर्फ वीडियो के दम पर करोड़ों रुपये नहीं मांगते, बल्कि एक पूरा नकली इकोसिस्टम तैयार करते हैं. इसमें फर्जी न्यूज आर्टिकल्स, एकदम प्रोफेशनल दिखने वाली वेबसाइट और ऐसे ट्रेडिंग डैशबोर्ड शामिल होते हैं, जहां आपको अपना पैसा हर दिन बढ़ता हुआ दिखाई देता है.
शुरुआत में आपका भरोसा जीतने के लिए ये ठग आपको थोड़ा बहुत मुनाफा निकालने (Withdraw करने) भी देते हैं. मान लीजिए आपने 50 हजार रुपये लगाए और ऐप पर वो 65 हजार दिखने लगे. जब आप उसमें से 10 हजार रुपये अपने बैंक अकाउंट में निकाल लेते हैं, तो आपका भरोसा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है. आपको लगता है कि सिस्टम एकदम जेन्युइन है. बस यहीं आप मात खा जाते हैं और अपनी पूरी सेविंग्स या लोन लेकर लाखों-करोड़ों रुपये झोंक देते हैं.
LexisNexis Risk Solutions के एक्सपर्ट थान ताई वो का कहना है कि अब मिनटों में और बिना किसी खास टेक्निकल नॉलेज के डीपफेक बनाए जा सकते हैं. पहले हम स्पेलिंग की गलतियों या खराब ट्रांसलेशन से फर्जी वेबसाइट्स को पहचान लेते थे, लेकिन AI ने अब उन गलतियों को भी खत्म कर दिया है. सब कुछ इतना परफेक्ट दिखता है कि अच्छे-अच्छे पढ़े-लिखे लोग भी धोखा खा रहे हैं.

पढ़े-लिखे और समझदार लोग भी क्यों फंस रहे हैं इस जाल में?
अक्सर हम सोचते हैं कि हमारे साथ ऐसा नहीं हो सकता, हम तो बहुत स्मार्ट हैं. लेकिन ये स्कैम तीन ऐसी चीजों को ट्रिगर करते हैं, जिन पर इंसान का कंट्रोल कम ही होता है:
भरोसा: जब किसी बड़े लीडर या सेलिब्रिटी का चेहरा दिखता है, तो हमारा दिमाग उसे सच मान लेता है.
लालच: कम समय में बिना रिस्क के ज्यादा मुनाफे की बात किसे अच्छी नहीं लगती?
FOMO (Fear of Missing Out): स्कैमर्स हमेशा एक अर्जेंसी क्रिएट करते हैं. वो कहेंगे कि ये ऑफर सिर्फ आज रात तक है या सिर्फ पहले 50 लोगों के लिए है. जल्दीबाजी के इस प्रेशर में इंसान सोचने-समझने की शक्ति खो देता है और बिना जांच-पड़ताल किए पैसे ट्रांसफर कर देता है.
इसके अलावा, उन WhatsApp ग्रुप्स में पहले से ही ठगों के अपने लोग जुड़े होते हैं, जो लगातार स्क्रीनशॉट शेयर करते रहते हैं कि उन्हें कितना फायदा हुआ. ये भीड़ की चाल देखकर कोई भी अकेला इंसान आसानी से बहकावे में आ जाता है.

कैसे पहचानें कि सामने दिख रहा वीडियो असली है या AI का कमाल?
भले ही AI बहुत एडवांस हो गया है, लेकिन फिर भी कुछ बारीकियां हैं जिन पर ध्यान देकर आप नकली वीडियो को पकड़ सकते हैं:
चेहरे के हाव-भाव: वीडियो को ध्यान से देखें. क्या सामने वाले की पलकें अजीब तरीके से झपक रही हैं? क्या चेहरा थोड़ा सख्त या बिना इमोशन वाला लग रहा है?
लिप-सिंक की गड़बड़ी: कई बार आवाज आगे निकल जाती है और होंठ बाद में हिलते हैं. शब्दों और होंठों के मूवमेंट पर गौर करें.
रोशनी और परछाई: चेहरे पर पड़ने वाली लाइट और बैकग्राउंड की लाइट में अगर फर्क दिखे, या स्किन जरूरत से ज्यादा चिकनी और प्लास्टिक जैसी लगे, तो समझ जाइए कि दाल में कुछ काला है.
आवाज का लहजा: AI की आवाज में अक्सर इंसानी उतार-चढ़ाव की कमी होती है. कहीं रोबोटिक टोन सुनाई दे, तो तुरंत अलर्ट हो जाएं.
सोर्स चेक करें: अगर कोई बड़ा नेता या एक्टर किसी स्कीम का प्रचार कर रहा है, तो उनके वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्सपर जाकर चेक करें. अगर वहां ऐसी कोई पोस्ट नहीं है, तो वो वीडियो सौ फीसदी फर्जी है.
कमाई को सेफ रखने के गोल्डन रूल्स
अनजान लिंक्स से तौबा: सोशल मीडिया के विज्ञापनों, WhatsApp मैसेज या अनजान ईमेल्स में आए किसी भी इन्वेस्टमेंट लिंक पर क्लिक न करें.
SEBI रजिस्ट्रेशन जरूर चेक करें: भारत में शेयर बाजार या किसी भी इन्वेस्टमेंट स्कीम को चलाने के लिए SEBI की मंजूरी जरूरी होती है. पैसे लगाने से पहले कंपनी का नाम SEBI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर जरूर वेरिफाई करें.
गारंटीड रिटर्न एक बड़ा धोखा है: फाइनेंस की दुनिया में 'कम रिस्क और बंपर गारंटीड रिटर्न' जैसा कुछ नहीं होता. जो भी ऐसा वादा करे, उससे तुरंत दूरी बना लें.
पर्सनल अकाउंट में पैसे न भेजें: कोई भी असली इन्वेस्टमेंट कंपनी आपसे किसी व्यक्ति के पर्सनल बैंक अकाउंट या अनजान UPI आईडी पर पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहेगी.
क्सपर्ट की सलाह लें: बड़े फैसले लेने से पहले अपने परिवार, दोस्तों या किसी सर्टिफाइड फाइनेंशियल एडवाइजर से बात जरूर करें.
अगर आप या आपका कोई अपना इस ठगी का शिकार हो जाए, तो क्या करें?
1930 पर कॉल करें: बिना एक मिनट गंवाए नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. जितनी जल्दी आप रिपोर्ट करेंगे, ठगों के अकाउंट फ्रीज होने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी.
बैंक को इन्फॉर्म करें: तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर या ब्रांच में जाकर ट्रांजैक्शन की जानकारी दें और अपने अकाउंट या कार्ड को ब्लॉक कराएं.
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें: सरकारी पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर अपनी पूरी शिकायत दर्ज करें.
सबूत संभाल कर रखें: ट्रांजैक्शन आईडी, बैंक स्टेटमेंट, पेमेंट के स्क्रीनशॉट, उस फर्जी विज्ञापन का लिंक, WhatsApp चैट और ठगों के फोन नंबर संभाल कर रखें. पुलिस जांच में ये सब बहुत काम आते हैं.
रिकवरी स्कैम से बचें: कई बार ठगी का शिकार होने के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया पर मिलते हैं जो दावा करते हैं कि वो फीस लेकर आपके डूबे हुए पैसे वापस दिलवा देंगे. ऐसे लोगों के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें, ये दूसरा स्कैम हो सकता है.