)
भोपाल: मध्य प्रदेश में नया DGP कौन बनेगा, इस पर अभी से सस्पेंस बढ़ गया है. वजह है मौजूदा DGP कैलाश मकवाना का एक्सटेंशन. ऐसी चर्चा है कि उन्हें 3 महीने का और सेवा विस्तार मिल सकता है. राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार का आधिकारिक पत्र भेज दिया है. अगर ऐसा हो गया तो नए पुलिस प्रमुख की नियुक्ति लटक सकती है और दावेदारों का पूरा गणित भी बिगड़ सकता है.
मकवाना 30 नवंबर 2026 को रिटायर होने वाले हैं. उनके बाद कौन कुर्सी संभालेगा, इसके लिए UPSC ने तीन नामों का पैनल सरकार को भेज दिया है. इसमें वरुण कपूर, उपेंद्र कुमार जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम है. अब खबर ये आ रही है कि मकवाना को फरवरी 2027 तक एक्सटेंशन दिया जा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो 1 दिसंबर से नए DGP की तैनाती का इंतजार और लंबा हो जाएगा.
DGP बनने के लिए सिर्फ सीनियर होना काफी नहीं है, बल्कि रिटायरमेंट में कितना टाइम बचा है, ये भी देखा जाता है. नियम के हिसाब से पैनल में आने के लिए कम से कम 6 महीने की नौकरी बची होनी चाहिए. वरुण कपूर 30 मई 2027 को रिटायर होंगे. अब सोचने वाली बात है कि, अगर मकवाना को 3 महीने का एक्सटेंशन मिल गया और नया सिलेक्शन फरवरी 2027 के आसपास हुआ, तो कपूर के पास 6 महीने से कम की सर्विस बची होगी. ऐसे में उनकी दावेदारी कमजोर पड़ सकती है. मतलब, जो पैनल अभी बना है, वो फरवरी में बदल भी सकता है.
पैनल में कौन-कौन है?
UPSC ने 1991 बैच के तीन सीनियर IPS को पैनल में रखा है. उनके नाम हैं:
1. उपेंद्र कुमार जैन: उपेंद्र कुमार जैन अभी EOW के DG हैं. अगस्त 2027 में रिटायर होंगे.
2. वरुण कपूर: वरुण कपूर अभी जेल विभाग के DG हैं. 30 मई 2027 को रिटायरमेंट है.
3. प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव: प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव अभी होमगार्ड की DG हैं. अगर इन्हें मौका मिला तो ये MP की पहली महिला DGP बन जाएंगी.
अगर मकवाना को एक्सटेंशन मिल गया, तो नियुक्ति आगे खिसक जाएगी. ऐसे में हो सकता है कि UPSC को दोबारा नया पैनल बनाना पड़े. तब पुराने दावेदारों के साथ-साथ दूसरे सीनियर अधिकारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं. लेकिन अभी तक ये साफ नहीं है कि सरकार मकवाना को एक्सटेंशन देगी या फिर इसी पैनल से नया DGP चुन लेगी.
MP पुलिस के नए मुखिया को लेकर अब 2 चीजों पर सबकी नजर है:
पहला - क्या मकवाना को 3 महीने का एक्सटेंशन मिलेगा?
दूसरा - CM डॉ. मोहन यादव इस पैनल से किसको कमान सौंपेंगे?
इन्हीं दो फैसलों से तय होगा कि MP पुलिस की कमान आगे किसके हाथ में जाएगी.