)
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र में शादी से एक दिन पहले दुल्हन बनने वाली युवती के लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया. युवती 20 नवंबर की सुबह मेहंदी लगवाने के बहाने घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों का आरोप है कि वह पूर्व मंगेतर के बहकावे में नकदी और जेवर लेकर चली गई. पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
21 नवंबर को होनी थी शादी
एनबीटी पर छपी एक खबर के मुताबिक, कुड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की 24 वर्षीय युवती की शादी 21 नवंबर को प्रतापगढ़ जिले के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के अमन नाम के युवक से तय थी. घर में शादी की तैयारियां पूरी थीं. परिवार में मेहंदी, संगीत और बारात को लेकर खुशी का माहौल था. युवती के लापता होने से परिवार परेशान है. इस घटना से शादी की तैयारियों पर असर पड़ा.
मेहंदी लगवाने के बहाने घर से निकली
परिजनों के मुताबिक, 20 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे युवती मेहंदी लगवाने जाने की बात कहकर घर से निकली. काफी देर तक नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की. परिजन उस ब्यूटी पार्लर पहुंचे, जहां युवती के जाने की बात कही गई थी.
बैंक से पैसे निकालने की बात कहकर पार्लर से गई
ब्यूटी पार्लर में पूछताछ पर परिजनों को बताया गया कि युवती वहां आई थी, लेकिन बैंक से पैसे निकालने की बात कहकर चली गई. इसके बाद उसका पता नहीं चला.
पूर्व मंगेतर पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
परिजनों का कहना है कि युवती की शादी इससे पहले सितंबर 2026 में धनपतगंज थाना क्षेत्र के लौटन पांडेय का पुरवा निवासी शिवम पांडेय से तय हुई थी. किसी विवाद के कारण रिश्ता टूट गया था. इसके बाद भी शिवम युवती के संपर्क में था. परिजनों ने आरोप लगाया कि वही युवती को बहला-फुसलाकर ले गया.
नकदी और जेवर लेकर जाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, युवती घर से 40 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, कान की झुमकी और अन्य सामान लेकर गई है. परिवार के लोग शिवम पांडेय के घर पहुंचे तो वह वहां नहीं मिला.
पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी
कुड़वार पुलिस ने 21 नवंबर को तहरीर के आधार पर FIR दर्ज की है. मामले की जांच उपनिरीक्षक राम बच्चा राम को सौंपी गई है. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है. युवती की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं.