)
सिवान में जाम की समस्या अब इस कदर गंभीर हो चुकी है कि आम आदमी तो दूर, VIP भी इससे बच नहीं पा रहे हैं. बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार का काफिला सिवान की सड़क पर ऐसा फंसा कि हूटर बजते रहे, लेकिन उनकी गाड़ी को रास्ता नहीं मिला. आखिरकार मंत्री जी के सुरक्षाकर्मियों को खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभालना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद काफिला जाम से बाहर निकल सका. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला-
तस्वीरें सिवान के कचहरी ढाला की हैं, जहां रेलवे फाटक बंद होने के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इसी दौरान बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार का काफिला भी काफी समय तक जाम में फंसा रहा. काफिले में शामिल गाड़ियों का हूटर लगातार बजता रहा, लेकिन आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिल रहा था. वजह थी सड़क पर वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और कुछ वाहन चालकों की जल्दबाजी. कई लोग विपरीत दिशा से ही अपनी गाड़ियां लेकर सड़क पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई.
हालात ऐसे बने कि मंत्री जी के काफिले में शामिल स्कॉर्ट गाड़ी से सुरक्षाकर्मियों को नीचे उतरना पड़ा. सुरक्षाकर्मी खुद सड़क पर उतरकर वाहनों को हटवाने और रास्ता खाली कराने में जुट गए. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार काफिला जाम से बाहर निकला और मैरवा की ओर रवाना हुआ.
बता दें कि सिवान में जाम लगने की समस्या आम है. लेकिन इस पूरी घटना ने सिवान की ट्रैफिक व्यवस्था पर एक बार फिर से बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. जब एक मंत्री का काफिला शहर की सड़क पर जाम में फंस सकता है, तो आम लोगों को रोजाना किन परेशानियों से गुजरना पड़ता होगा. रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से सफर करते हैं, ऑफिस जाना, स्कूल जाना, रोजमर्रा के सामान लाने के लिए घर से बाहर निकलना पड़ता है. ऐसे में सड़कों पर ऐसी व्यवस्था में आम लोगों को कितनी परेशानी होती होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है. अब इसके कोई इंतजाम किया जाता है या नहीं, ये तो आने वाले समय में ही पता चल पाएगा.
रिपोर्ट: अमित सिंह