App

'पंजाबियां नू लड़ना ना सिखाओ...': CJP पर क्यों भड़के दिलजीत दोसांझ, एक ही चेतावनी से सहमे दीपके

'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके को जवाब देते हुए पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने कहा कि भाई, मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो. एक्टर ने आगे कहा कि पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि कैसे लड़ा जाता है.

'पंजाबियां नू लड़ना ना सिखाओ...': CJP पर क्यों भड़के दिलजीत दोसांझ, एक ही चेतावनी से सहमे दीपके
Image Credit: CJP पर क्यों भड़के दिलजीत दोसांझ?

'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके शायद समझ रहे थे कि वह किसी को भी झुका सकते हैं, लेकिन पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने उनके इस भ्रम को तोड़ दिया है. पंजाही सिंगर/एक्टर की एक ही चेतावनी से दीपके समझ गए कि उन्होंने गलत पंगा ले लिया और उन्होंने एक्टर से सब कुछ भूलने की अपील की है. दरअसल, दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' पर हुए विवाद को लेकर अभिजीत दीपके ने पंजाबी एक्टर पर तंज कसा था. अब दिलजीत दोसांझ ने सीजेपी का नाम लिए बिना कहा कि मैं एक कलाकार हूं और आप सब से प्यार करता हूं. अभिजीत दीपके को चेतावनी देते हुए एक्टर ने कहा कि भाई, मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो. मैं आप सब का समर्थन करता हूं. एक्टर ने आगे कहा कि पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि कैसे लड़ा जाता है. एक्टर का यह जवाब सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है.

CJP को दिलजीत दोसांझ का जवाब

शुक्रवार (30 अक्टूबर) को दिल्ली कॉन्सर्ट में CJP को जवाब देते हुए दिलजीत दोसांझ ने कहा कि हमने पंजाब के सबसे बड़े मानवाधिकार कार्यकर्ता रहे जसवंत सिंह खालरा पर फिल्म बनाई थी. इस फिल्म को बनाने में हमने काफी मेहनत की. सिंगर ने कहा कि आप जिस फिल्म का मंच पर मजाक उड़ा रहे हैं,  हमने उस फिल्म के लिए लंबे समय तक लड़ाई लड़ी है. 

दिलजीत ने आगे कहा कि मैं सब से प्यार करता हूं, लेकिन अगर कोई हमसे नफरत करता है, तो कोई बात नहीं. दिलजीत ने कहा कि मैं एक आर्टिस्ट हूं और सभी से प्यार करता हूं. मैं शांत हूं तो मुझे शांत रहने दो. पंजाबियों को यह तो बिल्कुल मत सिखाओ कि लड़ाई कैसे लड़ी जाती है.

दीपके-दिलजीत में विवाद का कारण

इस विवाद की शुरुआत जून 2026 में उस वक्त हुई थी, जब NEET पेपर लीक के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने दिल्ली के जंतर-मंतर में आंदोलन किया था. इस दौरान इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने दिलजीत से पूछा था कि क्या वह भी जंतर-मंतर पर जाएंगे? इसके जवाब में पंजाबी एक्टर/सिंगर ने कहा था कि मैं एक कलाकार हूं, कोई नेता नहीं हूं. भाई, मुझे इन आंदोलनों से दूर ही रखो. 

इसके कुछ समय बाद दिलजीत की फिल्म 'सतलुज' विवादों में फंस गई. उस वक्त दीपके ने तंज कसते हुए कहा था कि जब कलाकारों की फिल्में विवादों में फंसती हैं, तो उन्हें जनता के समर्थन की जरूरत होती है, लेकिन जब जनता सड़कों पर होती है, तो कलाकार खुद को आर्टिस्ट बताकर किनारा कर लेते हैं.

दोसांझ से दीपके ने माफी मांगी

पंजाबी सिंगर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दीपके ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए उनसे माफी मांग ली है. दीपके ने लिखा कि जून में जब हम प्रोटेस्ट कर रहे थे, तब आपकी एक बात से मुझे थोड़ा बुरा लगा था. 

उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं था कि मेरे मन में आपके लिए कोई निजी नाराजगी थी. मैंने हमेशा आपको ऐसे इंसान के तौर पर देखा है, जो किसी मुद्दे के लिए आवाज उठाता है. दीपके ने कहा कि पाजी, मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं और आज भी हूं. मैं आज भी आपका म्यूजिक सुनता हूं. दीपके ने अंत में लिखा कि पाजी, छोटा भाई समझकर पुरानी बातों पर मिट्टी डालिए.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो