पिता ने छीना मोबाइल तो बेटी ने छीन ली जिंदगी! गेम की जिद में कुकर के ढक्कन और चाकू से कर दिया कत्ल
गुजरात के सूरत में एक बेटी ने पिता को सिर्फ इसलिए मार दिया, क्योंकि वो उसे मोबाइल छोड़कर घर के काम में मदद करने को कह रहा था. इतने में ही बेटी ने कुकर के ढक्कन और चाकू से हत्या कर दी.
कुछ बच्चों को मोबाइल और गेम की आदत इतनी बुरी हो जाती है कि वो इन्हें हासिल करने के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं. हाल ही में गुजरात के सूरत में एक बेटी ने अपने पिता पर प्रेशर कुकर के ढक्कन से सिर पर वार किया और फिर चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि पिता (रमेश चौहान) और बेटी (काजल) के बीच फोन पर गेम खेलने की आदत को लेकर बहस हो रही थी. इसी दौरान पिता ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था. मृतक की पत्नी मंजू के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ, जब पिता ने बेटी से गेम बंद करके घर के कामों में मदद करने को कहा.
पिता ने फोन छीनकर जमीन पर दे मारा
पुलिस शिकायत के मुताबिक, यह परिवार सूरत के कोसाड इलाके में रहता है. रविवार को जब चौहान काम से घर लौटे, तो मंजू ने शिकायत की कि काजल फोन पर गेम खेलने में व्यस्त है और घर के कामों में कोई मदद नहीं कर रही है. चौहान ने काजल से फोन एक तरफ रखकर घर के कामों में हाथ बंटाने को कहा. जब काजल ने बात नहीं मानी, तो चौहान ने उसका फोन छीनकर जमीन पर दे मारा, जिससे वह टूट गया.
जख्मी होने के बाद अस्पताल ले जाया गया
पुलिस ने बताया कि इससे काजल नाराज हो गई. आरोप है कि उसने किचन से प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और चौहान के सिर पर जोर से वार किया. इसके बाद उसने चाकू से उन पर हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर मंजू किचन की ओर दौड़ीं, जहां उन्होंने चौहान को फर्श पर पड़ा देखा. उनके सिर और पेट से खून बह रहा था. चौहान को तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
काजल का सौतेला पिता था चौहान
मंजू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और काजल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस इंस्पेक्टर जेबी वानर ने बताया,'हमने रविवार देर रात आरोपी काजल को गिरफ्तार कर लिया. फोन पर गेम खेलने जैसी छोटी सी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच झगड़ा हुआ, जो हत्या में बदल गया. काजल के पिता की कुछ साल पहले सौराष्ट्र में मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी मां सूरत आ गईं और उन्होंने रमेश चौहान से शादी कर ली. जिसकी काजल ने हत्या कर दी.