App

चक्रवाती तूफान अर्नब का लैंडफॉल: 135km प्रति घंटे की स्पीड से चली जोरदार हवा, असम-आंध्र प्रदेश तक कई राज्यों में झमाझम बारिश; फ्लाइट्स और ट्रेनें भी रद्द

Cyclone Arnab Landfall: चक्रवाती तूफान अर्नब के लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. IMD के मुताबिक, यह चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पार करेगा. इस दौरान तेज स्पीड से हवा चल रही है.

चक्रवाती तूफान अर्नब का लैंडफॉल: 135km प्रति घंटे की स्पीड से चली जोरदार हवा, असम-आंध्र प्रदेश तक कई राज्यों में झमाझम बारिश; फ्लाइट्स और ट्रेनें भी रद्द

Today Weather: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब ने गंभीर रूप ले लिया है. इसने विशाखापत्तनम के पास लैंडफॉल करना शुरू कर दिया है. यह प्रोसेस लगभग 3 घंटे तक चल सकता है. इस बीच 125-135 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवा चल रही है. यह 150 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक भी पहुंच सकती है. चक्रवाती तूफान के चलते कोनसीमा,विशाखापत्तनम, अनकापल्ली और काकीनाडा में भारी बारिश देखने को मिल रही है.    

चक्रवात को देखते हुए ओडिशा-आंध्र प्रदेश में हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया और तकरीबन 4,000 साइक्लोन शेल्टर बनाए गए. इसके अलावा विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा एयरपोर्ट्स पर 21 फ्लाइट्स कैंसिल करने के साथ ही रेलवे की ओर से 50 ट्रेनों को रद्द किया गया. 

तूफान का असर नॉर्थईस्ट से लेकर पूरे साउथ इंडिया तक रहने वाला है. ऐसे में यूपी-बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में झमाझम बारिश होगी. तेलंगाना, विदर्भ और झारखंड में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

 

अर्नब

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, बंगाल, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र, रायलसीमा, कर्नाटक, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी बारिश का येलो अलर्ट है.

आंध्र प्रदेश के तट के पास स्थित तूफान 


IMD के मुताबिक, चक्रवात अर्नब का उत्तरी सर्पिल हिस्सा जमीन के अंदर तक एंट्री ले चुका है. बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट के पास स्थित है. इस साइक्लोन का सेंटर यानम से 45 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, नरसापुर से लगभग 30 किलोमीटर पूर्व,  मछलीपट्टनम से 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और काकीनाडा से 70 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम था. 

मौसम विभाग का कहना है कि अर्नब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर पुड्डुचेरी के यानम के तट को पार कर सकता है. इस दौरान 135 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल रही हवा 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की स्पीड तक पहुंच सकती है.    

तूफान से बाढ़ जैसी स्थिति 


चक्रवाती तूफान अर्नब के चलते पुडुचेरी के यानम शहर में समुद्र का पानी बाढ़ में घिर गया. इस दौरान सावित्री नगर पहुंचे मल्लाडी कृष्ण राव ने रात को वहां पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत भी की. 

यानम में साइक्लोन के चलते नेशनल हाईवे-216 के किनारे लगे कई पेड़ उखड़ गए. फिलहाल नेशनल हाईवे को बंद किया गया है. 

आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले के अमलापुरम में भी अर्नब के असर से तेज हवा और भारी बारिश हुई. चेन्नई के एन्नोर बीच पर भी तूफान के चलते 20 फीट तक ऊंची लहरें उठीं, जिससे तटीय सड़कों पर पानी भर गया. 

पश्चिम बंगाल के दीघा जिले में भी अर्नब के असर से भारी बारिश और तेज हवा चल रही है.

आंध्र प्रदेश में बाढ़ में फंसे लोग 


आंध्र प्रदेश में कोनसीमा, काकीनाडा, अनकापल्ली और विशाखापत्तनम जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से भारी बारिश हो रही है. कई जगहों पर इसके चलते पेड़ भी गिरे. 

काकीनाडा जिले के बॉम्बे कट्टा क्षेत्र में समुद्र का पानी भरने से 4 लोग बाढ़ में फंस गए. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और चारों को सुरक्षित बाहर निकाला. 

काकीनाडा में तूफान के चलते कई जगहों पर बिजली की लाइनें भी टूट गईं. यहां अधिकतर सड़कों में पानी भरने के चलते आवाजाही बंद है.

तूफान ने बिगाड़ा देशभर का मौसम 


चक्रवाती तूफान के चलते अगले 2 दिन में देशभर के मौसम पर बड़ा असर पड़ने वाला है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, बिहार, यूपी, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में ओले भी गिर सकते हैं. 

30 अक्टूबर की बात करें तो इस दिन भी चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ओले गिरने की संभावना है. इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, सिक्किम, हिमालय से सटे बंगाल, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है.  

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More