)
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद मध्य प्रदेश में भी इसका असर दिखने लगा है और कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है. मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने 31 जिलों में अलर्ट जारी किया है, जहां अगले 4 दिनों तक आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम केंद्र ने 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में अगले 24 घंटे गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य और सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव लगभग पश्चिम की ओर बढ़ा और एक चक्रवाती तूफान 'अर्नब' में बदल गया. इसके बाद कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है.
एमपी के 31 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश के अलावा 25 जिलों में हल्की बारिश का भी अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल के अलावा नर्मदापुरम, दतिया, भिंड, सीहोर, विदिशा, रायसेन, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी को लेकर अलर्ट जारी किया है.
इंदौर-उज्जैन समेत 24 जिलों में खिलेगी धूप
मौसम विभाग ने अन्य 24 जिलों के लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है और यहां मौसम सामान्य रहेगा. इंदौर और उज्जैन समेत 24 जिलों में धूप खिलेगी. इसके अलावा खंडवा, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, रतलाम, बैतूल, देवास, हरदा, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना और राजगढ़ में मौसम सामान्य बना रहेगा.
29 अक्टूबर को 20 जिलों को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में चक्रवात 'अर्नब' का असर 29 अक्टूबर को ज्यादा देखने को मिलेगा और राज्य के पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में सबसे ज्यादा असर रहेगा. 20 जिलों को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जहां आंधी, बादल, गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. 29 अक्टूबर को 11 जिलों में अति भारी और 9 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 35 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है.
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है और 12 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है और इसे देखते हुए सरकार ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया है. मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ में 60 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर 200 मिमी तक बारिश होने की संभावना जताई है. इसके बाद बस्तर और दंतेवाड़ा में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.