SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वंदे मातरम सेमिनार पर केरल सेंट्रल यूनिवर्सिटी में बवाल, गवर्नर के सामने हाथों में जूते लेकर छात्रों ने लगाए वापस जाओ के नारे, 25 पर केस दर्ज

वंदे मातरम सेमिनार को लेकर केरल सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों ने जमकर बवाल काटा. उन्होंने मंच पर जूते लहराए और नारेबाजी की. इसके बाद 25 छात्रों पर केस दर्ज किया गया है. गवर्नर ने इस घटना को देश के लिए शर्मनाक बताया है.

Written By Rachit Kumar
Published: Oct 08, 2026, 09:37 AM IST | Updated: Oct 08, 2026, 09:58 AM IST
Image Credit: स्टूडेंट्स के प्रदर्शन पर अब प्रशासन एक्शन में आ गया है.
Join

केरल की सेंट्रल यूनिवर्सिटी में 'वंदे मातरम' नेशनल सेमिनार के दौरान विरोध करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. जिन 25 लोगों की पहचान हुई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. FIR में कहा गया है कि इस ग्रुप ने सेमिनार में रुकावट डाली.

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि सेमिनार की कार्यवाही में रुकावट डालने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस बीच, SFI ने छात्रों के खिलाफ गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की टिप्पणियों के विरोध में अपना प्रदर्शन और तेज करने का फैसला किया है. दो दिन के नेशनल सेमिनार के पहले दिन छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके कारण भारी झड़पें हुईं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स सेमिनार हॉल में घुसने की कोशिश कर रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. इस धक्का-मुक्की व झड़प के दौरान 4 छात्र घायल हुए. छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी पिटाई की और कपड़े तक फाड़ दिए.

गवर्नर की कड़ी आलोचना

बुधवार (7 अक्टूबर) यानी सेमिनार के आखिरी दिन 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित सेमिनार के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर गवर्नर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. गवर्नर ने साफ किया कि यहां हुए विरोध-प्रदर्शन अचानक हुई कोई अकेली घटना नहीं थी. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे कुछ खास एजेंडे और सुनियोजित चालें थीं. उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें देश के लिए शर्म की बात है और इसके पीछे जो लोग थे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

बता दें कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तहत साहित्य अकादमी, अखिल भारतीय साहित्य परिषद और केरल सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने कासरगोड कैंपस में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया था. SFI, MSF, KSU और AISF जैसे छात्र संगठनों ने कार्यक्रम में 'प्रज्ञा प्रवाह' के राष्ट्रीय संयोजक और आरएसएस नेता जे. नंदकुमार की भागीदारी का कड़ा विरोध किया था. उन्होंने इसे कैंपस के 'भगवाकरण' की कोशिश बताते हुए विरोध-प्रदर्शन किया. हालांकि, बुधवार को गवर्नर के भाषण के कारण फिर से भारी विरोध प्रदर्शन हुआ.

मंच के सामने विरोध

गवर्नर के भाषण के बाद, जब मुख्य आयोजक और प्रॉक्टर श्रीकुमार बोल रहे थे, तब छात्र मंच पर चढ़ गए. हाथ में जूते लिए और 'वापस जाओ' के नारे लगाते हुए छात्रों ने सेमिनार को पूरी तरह से रोक दिया. लंबी बहस और नारेबाजी के बाद पुलिस को दखल देना पड़ा. केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने इसे एक साजिश बताते हुए वंदे मातरम के विरोध की आलोचना की, जबकि विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन ने पुलिस कार्रवाई और आरएसएस नेता को आमंत्रित करने की कड़ी निंदा की है.

कैंपस में शांतिपूर्ण माहौल और आधिकारिक कार्यक्रम में रुकावट पड़ने पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया. पुलिस और यूनिवर्सिटी ने आने वाले दिनों में कैंपस में और सिक्योरिटी देने का फैसला किया है. कैंपस में तनाव बरकरार रहने के कारण इलाके में और पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस संकेत दे रही है कि दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी. आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए और छात्रों को बुलाया जा सकता है. यूनिवर्सिटी भी छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES