दिल्ली प्रोटेस्ट: रविवार को सिर्फ रास्ते बदलेंगे या मेट्रो और बाजार भी रहेंगे बंद? एक क्लिक में जानिए CJP की हर हलचल
कॉकरोच जनता पार्टी सुप्रीमो अभिजीत दीपके ने शनिवार को एक वीडियो जारी करके आंदोलन की कमान सेकेंड लीडरशिप को सौंपने का ऐलान करते हुए कहा रविवार को भी प्रोटेस्ट जारी रहेगा. ऐसे में दिल्ली मेट्रो सेवा के परिचालन की क्या स्थिति है और क्या खुला है और क्या बंद है, आइए जानते हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट की मियाद बढ़ने के दीपके के ऐलान के बाद आज रविवार 11 अक्तूबर को भी जंतर मंतर समेत पूरी दिल्ली हाई अलर्ट पर है. ऐसे में इस आंदोलन के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने नई एडवाइजरी जारी की है. नई सलाह के मुताबिक, रविवार की सुबह 6 बजे से नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के 30 प्रमुख चौराहों, रास्तों (फ्लाईओवर) पर ट्रैफिक यातायात प्रभावित हो सकता है. वहीं दिल्ली मेट्रो की तरफ से भी रविवार के लिए नया अपडेट जारी किया है.
जंतर-मंतर और सेंट्रल दिल्ली के तमाम हिस्से आज भी 'छावनी' में तब्दील हैं. पुलिस कोई रिस्क नहीं ले रही है. जंतर मंतर, पुलिस मुख्यालय, चुनाव आयोग के दफ्तर के आस-पास की जगहों और संसद भवन के आस पास कड़ा पहरा है. आज भी दिल्ली पुलिस के हजारों जवानों के साथ, सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की मौजूदगी दिख रही है.
रविवार को कैसे हैं हालात और क्या खुला क्या बंद
रात भर ज़ी मीडिया संवाददाता दिल्ली का जायजा लेते रहे. रविवार तड़के स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में दिखी. हालांकि आज भी कई जगहों पर 3 से 5 लेयर की बैरिकेडिंग जगह-जगह लगी है. दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर पर कड़े सुरक्षा इंतजाम हैं. जंतर-मंतर समेत प्रमुख मार्गों पर भारी बैरिकेडिंग और दंगा रोधी वाहन तैनात हैं. रविवार को भी मेट्रो और ट्रेनों की आवाजाही एवं यातायात मार्गों में बदलाव किया गया है. तीस हजार पुलिस जवान आज भी मुस्तैदी से डटे हैं.
मेट्रो सेवा खुली रहेगी
शनिवार रात दस बजे आए दिल्ली मेट्रो रेल सेवा की तरफ से आए सर्विस अपडेट के मुताबिक राहत की खबर है. दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और EXIT गेट अब खुल गए हैं. सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है. ऐसे में माना जा रहा है कि रविवार को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी.
ट्रैफिक एडवायजरी
ट्रैफिक पुलिस ने रविवार, 11 अक्टूबर को राजधानी में संभावित ट्रैफिक डायवर्जन और देरी को लेकर एडवाइजरी जारी की. जिसके मुताबिक आज भी कई इलाकों खासकर नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली में यातायात की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इस सिलसिले में पुलिस-प्रशासन ने दिल्ली के 30 प्रमुख चौराहों और सड़क मार्गों की पहचान की है.
प्रभावित हो सकने वाले कुछ हॉटस्पॉट में शंकर रोड, वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड-आउटर सर्कल कनॉट प्लेस टी-पॉइंट का पूरा इलाका शामिल हैं.
इसी तरह रेलवे स्टेशन, सरकारी बस अड्डों या फिर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को आज भी अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है, ताकि संभावित जाम या रास्तों में बदलाव के कारण उनकी यात्रा प्रभावित न हो.
हालांकि भारतीय रेल विभाग ने ट्रेनों को कैंसिल करने का आज कोई ऐलान नहीं हुआ है.
बाजार खुलेंगे
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने भी शनिवार को 11 अक्टूबर को सीपी यानी कनाट प्लेस के बाजार खुले रखने का ऐलान किया था. हालांकि एसोसिएशन ने शनिवार को दिनभर कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में प्रदर्शन और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है. यानी बाजार भी खुले रहेंगे. अस्पताल, मेडिकल स्टोर, दूध, राशन और फल-सब्जी की दुकानें सब खुली रहेंगी.
क्या बंद
पुलिसकर्मी, सेना के जवान, डॉक्टर और पत्रकार लोगों की सेवा के लिए हमेशा ऑन ड्यूटी रहते हैं. उनके अलावा रविवार की छुट्टी होने के चलते सभी सरकारी ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थान बंद हैं.
वीकेंड पर बवाल
शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर बवाल काटा. पुलिस पर पथराव किया. कई महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुईं, लेकिन पुलिस मुस्तैदी से डटी रही. 7000 लोगों को डिटेन किया गया. दिल्ली पुलिस ने CJP सुप्रीमो अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही डिटेन कर लिया था. ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल को भी डिटेन करके बाद में छोड़ दिया गया. जंतर-मंतर और आसपास जो इंटरनेट बंद किया गया था उसे बाद में चालू कर दिया गया.