डेरा सचखंड बल्लां में टेका माथा, फिर संभाला मोर्चा, पंजाब फतह के लिए BJP ने क्यों चुना जालंधर? जानिए पार्टी का 'प्लान 2027'
पंजाब में पहली बार कमल खिलाने के लिए बीजेपी अपना सबकुछ झोंक रही है. पार्टी की नजर राज्य के 32 प्रतिशत दलित वोटर्स पर है. उन्हें साधने के लिए पार्टी ने गुरु रविदास से जुड़े 'समरसता यात्रा' को जालंधर से रवाना किया.
पंजाब में अगले साल होने वाले असेंबली चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बीजेपी ने जोर-शोर से प्रचार अभियान शुरू कर दिया है. इसके लिए पार्टी ने राज्य में समरसता अभियान शुरू किया है, जिसमें सभी पंथ और बिरादरी के लोगों को जोड़कर एकता का भाव पैदा किया जाएगा. पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन इस अभियान को गति देने के लिए पंजाब में हैं. बुधवार को उन्होंने जालंधर पहुंचकर सबसे पहले डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका. इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के बीच 'समरसता यात्रा' को हरी झंडी दिखाई.
देश के 7 राज्यों के 47 शहरों से गुजरेगी यात्रा- नितिन नबीन
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा, 'वाराणसी से 29 जुलाई से 'समरसता दीप कलश यात्राएं' शुरू हुई थीं. अब तक इस तरह की 29 हजार से ज्यादा यात्राएं देशभर में निकल चुकी हैं. जिन्हें जनता का भारी समर्थन मिला है. अब 18 नवंबर से जालंधर से काशी की समरसता यात्रा शुरू हो रही है.'
यात्रा की डिटेल बताते हुए बीजेपी अध्यक्ष बोले, 'यह यात्रा 7 राज्यों के 47 शहरों से गुजरेगी. यात्रा के दौरान कुल 2500 किमी की दूरी तय की जाएगी. यह समरसता यात्रा समाज को एक सूत्र में पिरोएगी. इसके साथ ही, गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, भक्ति और मानवता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगी.'
'पंजाब में युवाओं की शिक्षा की गति पड़ी धीमी'
राज्य की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए नितिन नबीन ने कहा, 'पंजाब की कृषि समृद्धि, औद्योगिक विरासत और युवाओं की शिक्षा की गति आज धीमी पड़ती दिख रही है. राज्य में रोजगार और महिला सुरक्षा के प्रति संकल्प की स्पष्ट कमी नज़र आती है. ऐसे में इस 'समरसता संकल्प यात्रा' के जरिए, हम एक 'विकसित भारत' को सशक्त बनाने के लिए 'विकसित पंजाब' के निर्माण का संकल्प लेते हैं.'
चुनाव जीतने के लिए मिशन मोड में जुटे हैं BJP नेता
बता दें कि पंजाब में असेंबली की कुल 117 सीटें हैं. राज्य में सरकार बनाने के लिए कुल 59 सीटों की जरूरत होती है. पंजाब में पिछला चुनाव फरवरी 2022 में हुआ था. जिसमें आम आदमी पार्टी ने रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल करते हुए 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. जबकि बीजेपी को महज 2 सीटें ही मिली थी. पार्टी ने यह चुनाव अकाली दल बादल से गठबंधन तोड़ने के बाद लड़ा था, जिसमें उसकी बुरी गत हुई थी.
ये भी पढ़ें- पंजाब में AAP ने दूसरी लिस्ट बड़ा उलटफेर! कई दिग्गजों को झटका, मॉडल और पहलवान जैसे नए चेहरे को तरजीह
इसके बाद बीजेपी नेतृत्व लगातार पंजाब में जीत के लिए काम करता आ रहा है. पीएम मोदी जहां नियमित रूप से गुरुद्वारों में जाकर शीश नवाते रहे हैं. बाकी बीजेपी नेता भी सिखों से जुड़े मसलों पर प्रो-एक्टिव रहे हैं. पार्टी ने चुनावों से पहले राज्य में फेरबदल कर सिख नेता केवल सिंह ढिल्लों को राज्य भाजपा अध्यक्ष बनाया. अब खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन राज्य में जनसंपर्क करने पहुंचे हैं. इन तैयारियों से माना जा रहा है कि पार्टी शायद इस बार भी चुनाव में अकेले ही उतर सकती है. अगर ऐसा होता है तो देखना होगा कि नतीजा क्या आता है.