App

'पंजाब जीता तो सारा भारत जीतेंगे': संगरूर रैली में बरसे मल्लिकार्जुन खरगे, AAP को बताया BJP की 'B' टीम; किए 5 बड़े वादे

पंजाब में फिर से सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने बुधवार को संगरूर शहर में रैली की. इस रैली में कांग्रेस नेताओं ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और केंद्र की सत्ता पर काबिज बीजेपी पर बाणों के तीर चलाए. खरगे ने कहा कि उन्होंने जिंदगी में AAP जैसी भ्रष्ट सरकार नहीं देखी.

'पंजाब जीता तो सारा भारत जीतेंगे': संगरूर रैली में बरसे मल्लिकार्जुन खरगे, AAP को बताया BJP की 'B' टीम; किए 5 बड़े वादे
Image Credit: पंजाब के संगरूर में हुई रैली में खरगे और राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार को खूब निशाने पर लिया (इमेज क्रेडिट कांग्रेस एक्स अकाउंट)

पंजाब में अगले साल होने वाले असेंबली चुनाव के लिए सभी दलों ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है. मतदाताओं में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए कांग्रेस की ओर से बुधवार को संगरूर शहर में इंसाफ रैली की गई. इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा.

नरेंद्र मोदी देशद्रोही हैं, 5 मिनट में साबित कर दूंगा- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ ही पीएम नरेंद्र को मोदी भी खूब निशाने पर लिया. कांग्रेस नेता ने कहा,  'अगर पंजाब नशे से लड़ना चाहता है, तो यहां का मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता. पीएम मोदी पर राजनीतिक वार करते हुए राहुल गांधी बोले, 'नरेंद्र मोदी देशद्रोही है. नरेंद्र मोदी को डोनाल्ड ट्रंप कंट्रोल करता है. मैं इस बात को पांच मिनट में साबित कर दूंगा, यह मेरी गारंटी है.'

सिद्धू मूसेवाला मर्डर के लिए भगवंत मान सरकार पर अटैक करते हुए राहुल गांधी ने कहा,  'सिद्धू मूसेवाला एक Dynamic और Talented लड़का था. मैं जब पहली बार उससे मिला, तब मैं उसे जानता नहीं था. मुझे सिर्फ ये बताया गया था कि वो एक अच्छा लड़का है, गायक है और कांग्रेस में आना चाहता है. जब मैंने उसका गाना 295 सुना, तब जाना कि पंजाब का एक बेहतरीन गायक राजनीति में आ रहा है. वो पंजाब के लिए बड़े काम कर सकता था, क्योंकि उसके अंदर पंजाब की आवाज थी. जिसे वो अपने गानों के जरिए दुनिया के सामने रखता था.'

'धमकियों के बावजूद मूसेवाला की हटाई गई सुरक्षा'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'इस बीच सिद्धू को धमकियां मिलने लगी थीं, लेकिन फिर भी उसकी Security हटा दी गई और एक दिन सबके सामने दिनदहाड़े उसकी हत्या कर दी गई. जो सिद्धू मूसेवाला के साथ हुआ, वो पंजाब में फैशन बन चुका है. जिस सोच ने सिद्धू मूसेवाला को मार डाला, वही सोच आज पंजाब के हर कोने में घूम रही है.'

नशाखोरी के लिए AAP सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए राहुल गांधी बोले, 'पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा है. यहां AAP सरकार बनी और पंजाब के लोगों ने उनमें अपना भरोसा दिखाया. AAP सरकार का वादा था कि हम पंजाब से नशा मिटा देंगे. मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इस सरकार ने पंजाब के किस कोने से नशा मिटा दिया, क्योंकि सच यही है कि ये लोग नशा नहीं हटा सकते.'

'आप कांग्रेस की सरकार लाइए, हम करेंगे काम'

राज्य के लोगों से अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'पंजाब के भाइयों और बहनों, आप सभी पंजाब में ऐसी सरकार बनाइए, जो आपके लिए काम करे. ऐसी सरकार बनाइए, जो नशा खत्म करे, MSMEs तैयार करे, युवाओं को रोजगार दे और किसानों की रक्षा करे. आप सब पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाइए.' 

पंजाब में सड़कों पर खुलेआम गोलियां चलती हैं- खरगे

रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'पंजाब में सड़कों पर खुलेआम गोलियां चलती हैं. सिद्धू मूसेवाला जैसे मशहूर गायक की सरेआम हत्या कर दी जाती है. नशे के अवैध कारोबार ने युवा पीढ़ी को बर्बाद कर दिया है. अगर हम पंजाब जीते, तो हम सारा भारत जीतेंगे, यह मेरा दावा है. जीत यहां से शुरू होनी चाहिए और इसे हासिल करने के लिए हम सभी को एकजुट रहना होगा.'

भगवंत मान सरकार को निशाना बनाते हुए खरगे बोले, 'पंजाब में AAP की नशे की सरकार है. यह भ्रष्टाचार करने वाली सरकार है. इस सरकार ने बच्चों और किसानों की जिंदगी बर्बाद कर दी है.'

भाई साहिब सिंह जी हमारे जिले बीदर से थे - खरगे

सिखों से अपना कनेक्शन जोड़ते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'पंजाब शौर्य और बलिदान की धरती है. देश की सीमाओं की सुरक्षा में सबसे बड़ा योगदान पंजाब है. इसलिए मैं सभी को नमन करता हूं. गुरु नानक देव जी और अन्य गुरुओं ने देश को समानता का पाठ पढ़ाया. सिखों के पंज प्यारों में से एक प्यारे भाई साहिब सिंह जी हमारे जिले बीदर से थे, जहां मेरा जन्म हुआ.'

आम आदमी पार्टी को 'BJP की B टीम' बताते हुए खरगे ने कहा, 'कांग्रेस जहां भी चुनाव लड़ने जाती है, AAP वहां समीकरण बिगाड़ने चली आती है. हम गुजरात में जीत रहे थे, AAP ने वहां खेल बिगाड़ा. हम गोवा में जीत रहे थे, इसने वहां भी काम खराब किया. AAP का खुद कोई अस्तित्व नहीं है, ये लोग सिर्फ लोकतंत्र को तबाह करने का काम कर रहे हैं. हमें ऐसे लोगों को सबसे पहले सबक सिखाना होगा.'

'अपने करियर में AAP जैसी भ्रष्ट सरकार नहीं देखी'

पंजाब की AAP सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, 'मैंने अपने 60 साल के करियर में ऐसी भ्रष्ट सरकार नहीं देखी. AAP के सरगना ने पंजाब में अपने गिरोह के लोग बिठा रखे हैं. इस गिरोह के लोग यहां से वसूली कर पैसा दिल्ली भेजते हैं. फिर वही सरगना इस पैसे से हम सभी को धोखा देता है.'

खरगे ने चुनाव जीतने पर पंजाब के लिए कांग्रेस का संकल्प भी बताया. उन्होंने कहा, 'इलेक्शन जीतने पर हम पंजाब को नशा मुक्त बनाएंगे और यहां से गैंगस्टर राज खत्म करेंगे. किसानों को उनके अधिकार और युवाओं को रोजगार दिलाएंगे. दलित और कमजोर तबकों को शक्ति देंगे. भ्रष्टाचार और कुशासन का अंत करेंगे. पंजाब का भविष्य यहां की जनता तय करेगी, न कि दिल्ली का आदमी. इसलिए आप सभी चुनावों में कांग्रेस का साथ दीजिए.'
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो