SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दोषियों को मिली जमानत तो फिर सहम गईं बिलकिस बानो! परिवार संग छोड़ा गुजरात, बोलीं- 'मैं न्याय के लिए फिर लड़ूंगी'

गुजरात के बिलकिस गैंगरेप केस में बड़ी खबर सामने आ रही है. बिलकिस के रिश्तेदारों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से गैंगरेप मामले में 2 आरोपियों को छोड़ने के फैसले के बाद बिलकिस ने गुजरात छोड़ दिया है.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 17, 2026, 19:09 IST | Updated: Nov 17, 2026, 19:14 IST
Image Credit: बिलकिस बानो ने गुजरात क्यों छोड़ दिया
Join

गुजरात में 2002 में हुए दंगों में गैंगरेप का शिकार हुईं बिलकिस बानो इस मामले के दो आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर आहत हैं. उनके रिश्तेदारों का कहना है कि अदालत का आदेश आने के बाद बिलकिस बानो कथित रूप से गुजरात छोड़कर कहीं ओर चली गई हैं. जाने से पहले बिलकिस ने बयान जारी कर कहा है कि यह न्याय नहीं, बल्कि न्याय की हत्या है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर उनका पक्ष सुने बिना आरोपियों को जेल से छोड़ दिया है. लेकिन वे अपनी लड़ाई छोड़ेंगी नहीं और इंसाफ के लिए लड़ती रहेंगी.

बिलकिस बानो ने क्यों छोड़ा गुजरात?

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, बिलकिस के मामा अब्दुल रजाक मंसूरी ने बताया कि बिलकिस बानो लगभग डेढ़ साल पहले तक दाहोद जिले के देवगढ़ बारिया कस्बे के कापड़ी विस्तार इलाके में रहती थीं. इसके बाद वह उस जगह को छोड़कर गुजरात में ही दूसरी जगह चली गईं. अब सुप्रीम कोर्ट के ताजे फैसले के बाद उन्होंने परिवार समेत गुजरात को ही छोड़ दिया है और वे दूसरी जगह चली गई हैं.

क्या है बिलकिस बानो गैंगरेप मामला?

गुजरात दंगों के दौरान दाहोद जिले में रहने वाली बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप हुआ था. उसके परिवार के कई लोग भी घटना में मारे गए थे. पुलिस की जांच में 11 लोगों के खिलाफ इस बर्बर अपराध के आरोप में चार्जशीट दायर की गई. वे सभी लोग आज भी जेल में है. वर्ष 2022 में गुजरात सरकार ने आरोपियों की ओर से भुगती हुई लंबी सजा और जेल में अच्छे व्यवहार को देखते हुए अपनी रिहाई नीति के तहत उन्हें छोड़ दिया.

ये भी पढ़ें- जेल में 17 साल बिताने के बाद बिलकिस बानो केस के 2 दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, जानें अदालत ने क्या कहा?

इस फैसले का विरोध करते हुए बिलकिस बानो सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने 2024 में गुजरात सरकार के आदेश को रद्द कर दिया था. इसके साथ ही छोड़े गए सभी 11 आरोपियों को जेल में फिर से सरेंडर करने का आदेश दिया था. तब से सभी आरोपी जेल में बंद हैं.

उनमें से दो आरोपियों विपिनचंद कन्हैयालाल जोशी और प्रदीप रमणलाल मोढ़िया ने सुप्रीम कोर्ट ने अपनी बढ़ती उम्र और बीमारियों का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दी थी. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की खंडपीठ ने दोनों आरोपियों की बिगड़ती सेहत और बुढ़ापे को देखते हुए 28 अक्तूबर को उनकी उम्र कैद की सजा सस्पेंड करके हुए जमानत दे दी थी. हालांकि, उन्हें मामले से बरी नहीं किया गया है और उन पर मामला पहले की तरह चलता रहेगा.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से मेरा परिवार डरा हुआ- बिलकिस बानो

सु्प्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद बिलकिस बानो के गुजरात छोड़ने की खबर सामने आई है. इस आदेश के बाद उन्होंने अपनी वकील शोभा गुप्ता के जरिए एक बयान जारी करवाया. उस बयान में बिलकिस ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश ने उनके परिवार के पुराने डर को फिर से जीवित कर दिया है. उन्होंने कहा कि वे इस फैसले के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगी.

बयान में बिलकिस बानो ने कहा, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद मैं और मेरा परिवार डरा हुआ है. मेरा न्याय में भरोसा खोने का डर सता रहा है. आखिर सुप्रीम कोर्ट मेरे साथ ऐसी हरकत करने वाले दोषियों की सजा का मेरा पक्ष सुने बिना सस्पेंड कैसे कर सकता है. अदालत ने मेरा पक्ष जानना भी जरूरी क्यों नहीं समझा?

'पिछले 24 साल से लड़ रही इंसाफ की जंग'

बिलकिस ने कहा, महज 19 साल की उम्र में मुझे दर्द और सदमे में धकेल दिया गया. तब से मैं पिछले 24 साल से अदालतों में जंग लड़ रही हूं. एक के बाद एक कोर्ट में जा रही हूं. मैं देश की अदालतों की आभारी हूं, जहां से मुझे न्याय मिला. इससे न्याय की अवधारणा में मेरा विश्वास बहाल हुआ. मैंने थोड़ा-थोड़ा मुस्कराना सीखा, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले ने मुझे वहीं पहुंचा दिया है, जहां से मैं चली थी. मैं इंसाफ के लिए लड़ी थी और आगे भी लड़ती रहूंगी. मैं अपनी जंग नहीं छोड़ूंगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES