)
राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी की विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूधाम में बाबा श्याम के कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी व द्वादशी जन्मोत्सव मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. 20 नवंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय जन्मोत्सव मेले को लेकर श्री श्याम मंदिर कमेटी के नेतृत्व में मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है.
मंदिर के निज परिसर और बाबा श्याम के दरबार को आकर्षक रूप देने के लिए बंगाली कारीगर दिन-रात सजावट के कार्य में जुटे हुए हैं. कारीगर विभिन्न प्रकार के कृत्रिम फूलों, रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री और आकर्षक श्रृंगार सामग्री से मंदिर को 'दुल्हन' की तरह सजा रहे हैं.
बाबा श्याम के दरबार में सजेंगी देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां
वहीं, बाबा श्याम के दरबार में विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां भी सजाई जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी. जन्मोत्सव मेले को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. इस अवसर पर देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालुओं के खाटूधाम पहुंचने की संभावना है. वहीं, जिला प्रशासन भी तैयारियों में जुटा हुआ है.
खाटूश्यामजी मेले के लिए रेलवे का खास इंतजाम
जिले के खाटूश्यामजी बाबा श्याम के पाटोत्सव पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. मेले के दौरान 36 नियमित ट्रेनों के साथ 16 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इस प्रकार कुल 52 यात्री ट्रेनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा मिलेगी.
रींगस स्टेशन पर 2 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
रींगस रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. स्टेशन परिसर में दो मेला शेल्टर बनाए गए हैं, जिनमें करीब 2 हजार श्रद्धालुओं के रुकने की क्षमता है. देशभर से बाबा श्याम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें।इसके लिए जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी भी तैयारियों में जुटी हुई है. भक्तों की सुविधा के लिए श्री स्वामी मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन की ओर से तमाम व्यवस्थाएं की जा रही है.