SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सावधान! दिवाली से पहले बाजारों में बिक रहा 'जहर', देशभर में फैले 'मिलावट के सौदागरों' से आप कितने सुरक्षित?

दिवाली से ठीक पहले मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत कई राज्यों में खाद्य सुरक्षा विभागों (FSDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है, जिसमें भारी मात्रा में नकली मावा, घी और मिठाइयां जब्त करके नष्ट कराई गई हैं.

Written By K. Raj Mishra
Published: Nov 05, 2026, 08:16 AM IST | Updated: Nov 05, 2026, 10:15 AM IST
Image Credit: दिवाली से पहले बाजारों में बिक रहा 'जहर'! (AI तस्वीर)
Join

इस दिवाली में आपकी सेहत से खिलवाड़ हो सकता है, इसलिए बाजार से खाद्य-पदार्थों को खरीदते वक्त काफी सावधानी बरतें. दरअसल, त्योहारों का सीजन आते ही देशभर में 'मिलावटखोर' एक्टिव हो गए हैं. इन दिनों गुजरात से लेकर बंगाल तक और जम्मू से लेकर कन्यातकुमारी तक बाजारों में मिलावटी खाद्य सामग्री की भरमार है. हालांकि, FSSAI की ओर से देशभर में मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के छतरपुर के चंदला में खाद्य सुरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. मिठाई की दुकान पर एक्सपायरी मिल्क केक मिलने पर दुकान को सील कर दिया गया. कार्रवाई कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर की गई.

दिवाली सीजन पर मिलावटखोरों पर प्रशासन सख्त

जानकारी के मुताबिक, एसडीएम लवकुशनगर आयुष जैन के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने चंदला में मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया. इस दौरान जय कामतानाथ स्वीट्स की दुकान पर एक्सपायरी मिल्क केक के पैकेट मिले. टीम ने मिल्क केक को जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराया और दुकान को सील करने की कार्रवाई की. प्रशासन का कहना है कि आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है. दीपावली के सीजन में मिलावटी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को लेकर प्रशासन सख्त है.

गुजरात में ₹11 लाख की नकली खाद्य सामग्री बरामद!

गुजरात के गोंदिया में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पूरे जिले में एक विशेष जांच अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान 65 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और लगभग 10.90 लाख रुपये मूल्य का 4,685 किलोग्राम से अधिक बिना सर्टिफाइड और असुरक्षित खाद्य स्टॉक जब्त किया गया. FDA की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं. इसी तरह से अकोला जिले में मिठाइयां और खाद्य उत्पाद बेचने वाले दो प्रतिष्ठानों पर FDA का डंडा चला. FDA अधिकारियों ने अकोला के मूर्तिजापुर में स्थित महालक्ष्मी गृह उद्योग और गजानन बीकानेर का निरीक्षण किया. इस दौरान टीम ने 'शेव नमकीन', 'फराली फरसान', 'मलाई पेढ़ा' और 'मिश्रित दूध' के नमूने टेस्टिंग के लिए गए. जांच में दोनों प्रतिष्ठानों पर गंदगी का अंबार मिला. इसके चलते FDA ने दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

कानपुर में 1150 किलो नकली खोया नष्ट कराया गया

उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो वाहनों से 2200 किलो दूषित खोया पकड़ा और उसे नष्ट करा दिया. यह खोया फिरोजाबाद और इटावा से कानपुर में बिक्री के लिए लाया जा रहा था. जांच में गंदगी और बदबू मिलने के बाद विभाग ने तीन नमूने लिए और बाकी खोया नष्ट करा दिया. दोनों वाहनों से पकड़े गए खोये की अनुमानित कीमत 7.73 लाख रुपए बताई गई है. खाद्य विभाग की टीम ने भौती मोड़ पर महिंद्रा पिकअप रोककर जांच की. वाहन में 29 बोरियों में करीब 1150 किलो खोया मिला. इसकी अनुमानित कीमत 4.06 लाख रुपए थी. खोया गंदी बोरियों में खुले वाहन से ले जाया जा रहा था. जांच में उसमें दुर्गंध भी मिली. टीम ने खोये के दो नमूने लिए और बाकी खोया कल्याणपुर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में नष्ट करा दिया.

गाजियाबाद में नकली पनीर-मावा पकड़ा गया

गाजियाबाद में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में मिलावटखोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है. इसी कड़ी में एनएच-9 स्थित छिजारसी टोल प्लाजा के पास बोलेरो पिकअप को रोका गया. गाड़ी में करीब 1200 किग्रा खराब पनीर मिला, जो अमरोहा से दिल्ली ले जाया जा रहा था. इस पनीर की जांच के लिए 2 नमूने लेने के बाद इसे जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया. बाजार में इस पनीर की कीमत ₹4,18,950 बताई जा रही है. इसके अलावा मौके से 1600 किग्रा मिलावटी खोआ बरामद हुआ. इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई. प्रशासन ने इसे भी नष्ट करा दिया है. इसके अलावा धौलाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित साईं नाथ फूड्स पर भी टीम ने औचक छापा मारा. यहां से करीब 1750 किग्रा खराब क्वालिटी का बेसन सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.25 लाख रुपये है. खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा. 

देशभर में फैले हैं मिलावट के सौदागर!

इससे पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिल्ली के मोरी गेट स्थित खोया मंडी में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7,000 किलो सड़ा हुआ और बदबूदार खोया जब्त करके नष्ट कराया था. जानकारी के मुताबिक, यहां अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट किया जा चुका है. इसी तरह से उत्तर प्रदेश में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 1 हफ्ते में 54 क्विंटल खराब खोया नष्ट कराया जा चुका है. गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भारी मात्रा में मिलावटी घी पकड़ा गया था. राजस्थान के गंगानगर से करीब 1.23 करोड़ रुपये नकली देसी घी बरामद किया गया था. वहीं, गुजरात के वडोदरा और अहमदाबाद में नकली चांदी के वर्क (एलुमिनियम फॉइल) बनाए जाने का भंडाफोड़ हुआ है.

ये भी पढ़ें- DNA:क्या आपकी मिठाई मांसाहारी है? चांदी के नाम पर आप एल्युमिनियम और जानवरों की चमड़ी खा रहे हैं!

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES