'बंद होना चाहिए 500 और 2000 के नोट'... CM चंद्रबाबू नायडू ने क्यों उठाई ये मांग?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को 500 और 2,000 रुपये के बड़े नोट बंद करने की मांग उठाई है. आइए जानते हैं उन्होंने क्या तर्क दिया?
नोटबंदी के 10 साल आज पूरे हो चुके हैं. साल 2016 में 8 नवंबर को यह फैसला लिया गया था, दिवाली के दिन इस फैसले ने एक दशक पूरा किया. अब एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि क्या 500 और 2,000 रुपये के बड़े नोट बंद होंगे? ये सवाल इसलिए चर्चा में आया है, क्योंकि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को बड़े नोटों पर बैन लगाने की डिमांड रख दी है.
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, चंद्रबाबू नायडू का तर्क है कि बड़े कैश का लेन-देन बंद होने से भ्रष्टाचार की चेन टूट जाएगी, जिससे लोगों के लिए पैसा कमाना और गरीबी दूर करना आसान हो जाएगा. नायडू ने डिजिटल करेंसी और टेक्नोलॉजी के यूज पर जोर दिया और बताया कि उन्होंने पहले भी इस बारे में एक रिपोर्ट के लिए अपने सुझाव दिए थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी बार-बार यह बात रखी है.
डिजिटल करेंसी को लेकर क्या बोले नायडू?
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'डिजिटल करेंसी रिपोर्ट के लिए मैंने ही सुझाव दिए थे. मैंने पहले भी पीएम से इस पर सोचने को कहा था और अब फिर यही मांग कर रहा हूं. मैं यह मुद्दा उठाता रहूंगा. 500, 1,000 और 2,000 के नोट बंद होने चाहिए, बाजार में सिर्फ 100 और 200 के नोट ही रहने चाहिए.'
तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के मुखिया चंद्रबाबू नायडू ने अपने बयान में कहा है कि वो इस प्रस्ताव के लिए लगातार दबाव बनाते रहेंगे. उनके मुताबिक, अगर टेक्नोलॉजी को सही तरीके से लागू किया जाए, तो अर्थव्यवस्था और सिस्टम की बड़ी-बड़ी दिक्कतों को आसानी से सुलझाया जा सकता है.
चुनावी खर्च और भ्रष्टाचार पर क्या कहा?
नायडू का मानना है कि जो उम्मीदवार चुनाव जीतने के लिए भारी पैसा खर्च करते हैं, उनमें पद पर आने के बाद उस खर्च को वसूलने की आदत पड़ जाती है. उनका कहना है कि चुनावी खर्च कम होने से यह सोच खत्म होगी और नेता जनता की सेवा पर ध्यान दे पाएंगे. उन्होंने कहा, 'इससे नेताओं में सेवा करने का जज्बा बढ़ेगा. 'मैंने पैसा खर्च किया है, तो मुझे इसे इसी तरह वापस भी जमा करना होगा' वाली सोच खत्म हो जाएगी.'
चंद्रबाबू नायडू का कहना है कि पिछले 24 सालों में उन्होंने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कई कोशिशें की हैं. वह लगातार चुनाव के तौर-तरीकों को बदलने के रास्ते तलाशते रहे हैं. डिजिटल करेंसी का समर्थन करते हुए नायडू ने फिर दोहराया कि टेक्नोलॉजी के दम पर भ्रष्टाचार रोका जा सकता है और देश की आर्थिक तरक्की व गरीबी हटाने के लिए बेहतर माहौल बनाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: रेप, वसूली और चुनावी हिंसा... फरार चल रहे TMC विधायक को पुलिस ने एयरपोर्ट पर दबोचा