App

अमृतसर में दिनदहाड़े खूनी संघर्ष: 100 से 150 हमलावरों ने घर घेरकर की अंधाधुंध फायरिंग, 8 घायल; 1 की हालत गंभीर

यह खूनी संघर्ष पुरानी रंजिश के चलते हुआ है. पुलिस जांच में जुटी हुई है. बताया जा रहा है कि जंडियाला गुरु में 100 से 150 हथियारबंद बदमाशों ने एक घर को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की है.

अमृतसर में दिनदहाड़े खूनी संघर्ष: 100 से 150 हमलावरों ने घर घेरकर की अंधाधुंध फायरिंग, 8 घायल; 1 की हालत गंभीर
Image Credit: AI जनरेटेड इमेज...

अमृतसर के जंडियाला गुरु में खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है. यहां दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा. पुरानी रंजिश के चलते 100 से 150 हथियारबंद हमलावरों ने एक घर को चारों तरफ से घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की और धारदार हथियारों से हमला किया. इस खूनी संघर्ष में एक युवक की टांग में गोली लगी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह मामला अकालगढ़ ढपइयां गांव का है. वारदात में संदीप सिंह नामक युवक की टांग में गोली लगी है. उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें भी आई हैं. वारदात के बाद उसे इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

कब और कैसे हुई वारदात?

मीडिया को पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के आसपास की है. थाना जंडियाला में आने वाले गांव अकालगढ़ ढपइयां में दो गुटों के बीच आपसी झगड़ा हुआ, जिसमें फायरिंग की बात सामने आई है. इस घटना में संदीप सिंह की टांग पर गोली लगने और तेजधार हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई है.

पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि घायल पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जिसके बाद संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मौके से मिले कारतूस के खोल, फायरिंग की असली वजह और कितनी गोलियां चलीं? मीडिया के इन सभी सवालों पर उन्होंने साफ कहा कि यह सब अभी जांच का हिस्सा है. पुलिस की टीम क्राइम सीन पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी हुई है. उन्होंने पूरा भरोसा दिलाया है कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा और इस मामले में बेहद सख्त एक्शन लिया जाएगा.

हमलावरों के पास क्या-क्या हथियार थे?

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों के पास 18 से 20 पिस्तौल, 12 बोर की बंदूकें, दातर और कृपाणें थीं. बदमाशों ने घर को चारों तरफ से घेरकर सीधे गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. इस फायरिंग में 30 बोर पिस्तौल की एक गोली संदीप सिंह की टांग में लगी, वहीं 12 बोर के छर्रे भी चले. इतना ही नहीं, हमलावरों ने तेजधार दातर से भी वार किए.

पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस अचानक हुए हमले और मची भगदड़ में करीब 6 से 7 लोग घायल हुए हैं. अब पीड़ित परिवार ने पुलिस से सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी एक्शन लेने की गुहार लगाई है.

पुरानी रंजिश के चलते हुआ हमला

पीड़ित परिवार के सदस्य विशाल सिंह ने पूरी घटना बताते हुए आरोप लगाया कि गांव में उनके पास ठेके पर करीब 50 से 70 किल्ले खेती की जमीन है. कुछ समय पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मामूली बहस हुई थी और पुरानी रंजिश भी चल रही थी. इसी दुश्मनी के चलते विरोधी पक्ष ने पूरी प्लानिंग के साथ मनिंदर, गुरमुख, तरनतारन/तारपुर के कुकी और आकाश समेत करीब 100 से 150 अज्ञात युवकों और बदमाशों को हथियारों के साथ इकट्ठा करके हमला किया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More