App

'अभिजीत दीपके-CJP को अमेरिकी डोनर्स से मिल रही फंडिंग...', अमेरिकी सिंगर का बड़ा दावा, बोलीं- सावधान रहें युवा

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने सीजेपी और अभिजीत दीपके पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सीजेपी के प्रदर्शन को अमेरिका से फंडिंग मिल रही है और इनका मकसद सिर्फ देश को तोड़ना है.

'अभिजीत दीपके-CJP को अमेरिकी डोनर्स से मिल रही फंडिंग...', अमेरिकी सिंगर का बड़ा दावा, बोलीं- सावधान रहें युवा
Image Credit: मैरी मिलबेन ने भारतीय युवाओं को दी चेतावनी.

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और इसके संस्थापक अभिजीत दीपके से भारतीय युवाओं को सचेत रहने को कहा है. उनका आरोप है कि पीएम नरेंद्र मोदी से खौफजदा कुछ अमेरिकी डोनर्स से इस आंदोलन को फंडिंग मिल रही है और इसी आधार पर ये लोग देश में प्रदर्शन कर रहे हैं. सिंगर ने सीजेपी की मंशा को कटघरे में लाते हुए दावा किया कि इनका मकसद देश के सिस्टम को तबाह करना है.

सीजेपी को अमेरिकी डोनर्स की फंडिंग

बुधवार को, मिलबेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर युवा देशभक्तों से कहा, 'अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिकी डोनर्स से फंडिंग मिल रही है. ये ऐसे लोग हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी लीडरशिप को अपने लिए खतरा मानते हैं.'

उन्होंने आगे लिखा, डरो मत. आपके प्रधानमंत्री, जिन्होंने 25 साल तक भारत की सेवा की है, 12 साल प्रधानमंत्री के तौर पर और लगातार तीन बार चुने गए वे बांटने वाली ताकतों के सामने झुकने वाले नहीं हैं.

'कट्टरपंथी बनाकर वापस भेजते हैं'

अमेरिकी गायिका ने इन बांटने वाली सोच रखने वालों का पैटर्न समझाने की कोशिश की. उन्होंने कहा, 'इन चुनिंदा डोनर्स का दुनिया भर में एक ही पैटर्न है. जो कंजर्वेटिव ग्लोबल लीडर्स को निशाना बनाते हैं, उस देश से अमेरिका में पढ़े-लिखे शख्स को ढूंढते हैं, उन्हें कट्टरपंथी बनाते हैं, फिर वापस देश भेजते हैं और तबाही मचाने के लिए फंड देते हैं. इनमें से कोई भी सफल नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने देश के विकास और शासन पर असर जरूर डाला है.'

उन्होंने आगे कहा कि यह चुप रहने का समय नहीं है. भारत के सभी युवा देशभक्तों से अपील है कि वे आगे आएं और इस संगठन की विनाशकारी सोच के खिलाफ विरोध करें.

कॉकरोच जनता पार्टी इन दिनों मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है. उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और एसआईआर में कथित अनियमितताओं के आरोप में ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगा है. 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर सीजेपी ने प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन इजाजत न मिलने की वजह से पुलिस कार्रवाई के चलते ऐसा हो नहीं पाया था.

बता दें कि बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और ट्रेसपासिंग को लेकर बुधवार को सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने मंगलवार को इन्हें गिरफ्तार किया था. इसके बाद इनको बुधवार सुबह मजिस्ट्रेट के आगे पेश किया गया. अब फिलहाल इनको तिहाड़ भेज दिया गया है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More