App

धान खरीद शुरू न होने पर हरियाणा के किसानों में रोष, 22 सितंबर को सड़कें जाम करने की चेतावनी

हरियाणा में धान की खरीद शुरू नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है. किसानों ने सरकार से जल्द खरीद शुरू करने की मांग करते हुए 22 सितंबर को सड़कें जाम कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है.

धान खरीद शुरू न होने पर हरियाणा के किसानों में रोष, 22 सितंबर को सड़कें जाम करने की चेतावनी
Image Credit: धान खरीद शुरू न होने पर हरियाणा के किसानों में रोष, 22 सितंबर को सड़कें जाम करने की चेतावनी

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में शाहाबाद अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने की मांग को लेकर किसानों का रोष बढ़ता जा रहा है. किसानों ने पहले 16 सितंबर को रोड जाम करने का फैसला लिया था, लेकिन प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन को रोक दिया गया था. प्रशासन ने किसानों को 20 सितंबर तक धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया था. निर्धारित समय बीतने के बाद भी खरीद शुरू नहीं होने पर किसान संगठनों ने दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है.

भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि किसान लगातार 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को 20 सितंबर तक खरीद शुरू करवाने का समय दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

राकेश बैंस ने कहा कि 22 सितंबर को किसान यूनियन की बड़ी पंचायत होगी. अगर सुबह 10 बजे तक सरकारी खरीद शुरू होने की स्पष्ट सूचना मिल जाती है तो किसानों को दी गई रोड जाम की कॉल वापस ली जा सकती है. नहीं तो किसान सड़क पर उतरकर जाम लगाने का फैसला लेने को मजबूर होंगे.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा किसानों को परेशान करने की है, ताकि वे मजबूर होकर अपनी जमीन छोड़ दें. उन्होंने कहा कि किसानों की लड़ाई किसी राजनीतिक मुद्दे की नहीं, बल्कि अपनी जमीन और रोजी-रोटी की लड़ाई है. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार चुने हुए प्रतिनिधियों के बजाय अधिकारियों के भरोसे चल रही है.

(कुरुक्षेत्र से दर्शन कैत की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More