)
हरियाणा के जिला सिरसा में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार पराली जलाने की घटनाओं में काफी गिरावट दर्ज की गई है. किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग की ओर से गांव-गांव जाकर अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत जागरूकता टीमों के साथ-साथ वीडियो और विभिन्न प्रचार माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है. विभाग की ओर से अब तक करीब 720 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. जिनके माध्यम से किसानों को पराली में आग न लगाने और फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस सीजन में अब तक सैटेलाइट के माध्यम से पराली जलाने की केवल तीन घटनाएं सामने आई हैं. यह पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है. विभाग का प्रयास है कि किसानों के सहयोग से पराली जलाने की घटनाओं को शून्य तक लाया जाए.
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहायक कृषि अभियंता विजय कुमार ने बताया कि अधिकांश किसान अब पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक हो चुके हैं और आधुनिक कृषि उपकरणों की सहायता से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर रहे हैं. उनके अनुसार पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए केवल मशीनों और सब्सिडी तक ही प्रयास सीमित नहीं हैं, बल्कि किसानों से सीधे संपर्क कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है.
कर्मचारियों के माध्यम से भी किसानों तक पहुंच बनाई जा रही है. विभिन्न जागरूकता शिविरों, स्कूलों, प्रिंट मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए पराली जलाने से होने वाले नुकसान और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है. जिन स्थानों पर पराली जलाने की घटनाएं सामने आती हैं, वहां संबंधित किसानों से संपर्क कर उन्हें भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने और पराली प्रबंधन के बेहतर विकल्प अपनाने के लिए समझाया जाता है. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पिछले वर्षों की तरह इस बार भी प्रशासन और कृषि विभाग का सहयोग करें. पराली को खेतों में जलाने के बजाय इन-सीटू और एक्स-सीटू तकनीकों के माध्यम से उसका प्रबंधन करें.
इसके अलावा, पराली और फसल अवशेषों का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में भी किया जा सकता है, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है. विभाग का मानना है कि किसानों के सामूहिक सहयोग और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से पराली जलाने की घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाने के साथ-साथ पूरी तरह समाप्त करना भी संभव है.
(सिरसा से विजय कुमार की रिपोर्ट)