App

पराली जलाने पर जुर्माने के साथ FIR भी, CAQM ने हरियाणा के इन चार जिलों को दिए सख्त निर्देश

उत्तरी भारत में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच CAQM की टीम ने हरियाणा में चार जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पराली जलाने वालों पर जुर्माने और FIR समेत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

पराली जलाने पर जुर्माने के साथ FIR भी, CAQM ने हरियाणा के इन चार जिलों को दिए सख्त निर्देश
Image Credit: पराली जलाने पर जुर्माने के साथ FIR भी, CAQM ने हरियाणा के इन चार जिलों को दिए सख्त निर्देश

हवा में घुलते जहर और प्रदूषण के बढ़ते खतरे के बीच अब वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. इसी कड़ी में आयोग की एक विशेष कमेटी ने हिसार पहुंचकर हरियाणा के चार जिलों के प्रशासनिक, पुलिस और कृषि अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक की.

प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए क्या रहा इस बैठक का निचोड़
आसमान में छाई धुंध और लगातार बिगड़ता एक्यूआई (AQI) स्तर आने वाले बड़े ख़तरे की घंटी बजा रहा है. इसी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता आयोग की टीम ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है और प्रदेश के चार-चार जिलों का क्लस्टर बनाकर समीक्षा बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. शुक्रवार को हिसार जिला मुख्यालय पर हिसार, हांसी, रोहतक और फतेहाबाद जिलों के आला अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई. इस दौरान चारों जिलों के पुलिस, प्रशासनिक और कृषि विभाग के अधिकारियों ने पराली प्रबंधन, धूल नियंत्रण और प्रदूषण की रोकथाम के लिए अब तक उठाए गए कदमों का पूरा ब्यौरा आयोग की टीम के सामने रखा.

पराली जलाने पर जुर्माने के साथ FIR भी होगी
बैठक में आयोग की टीम का रुख बेहद सख्त नजर आया. टीम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि प्रदूषण के नियमों की अनदेखी करने वालों और खेतों में पराली जलाने वालों के प्रति किसी भी तरह की नरमी न बरती जाए. आयोग ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों पर जुर्माने के साथ-साथ सीधे तौर पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि नियमों का खौफ बना रहे.

किसानों को जागरूक करने के निर्देश 
आयोग की इस सख्ती के बाद अब चारों जिलों का प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. हवा की गुणवत्ता को सुधारने और पराली जलाने की घटनाओं को शून्य पर लाने के लिए कृषि विभाग की टीमें जहां किसानों को जागरूक कर रही हैं. वहीं पुलिस और प्रशासन ने फील्ड में गश्त और निगरानी भी तेज कर दी है.

(हांसी से नवीन शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More