)
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से आस्था की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में सैंकड़ों महिलाएं संतान सुख की मन्नत लेकर जमीन पर लेट गईं. करीब 400 मीटर लंबा रास्ता महिलाओं से पट गया. किसी के हाथ में नारियल, किसी के हाथ में नींबू और फूल, खुले बाल, सुबह से निराहार और हर दिल में बस एक ही दुआ. मां अंगारमोती उनकी गोद भर दें.
बताया गया है कि दीपावली के बाद पहले शुक्रवार को आयोजित पारंपरिक मड़ई मेले में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है. यहां सदियों पुरानी मान्यता है कि मेले के दिन बैगा पर मां अंगारमोती की शक्ति सवार होती है. इस विशेष पूजा के बाद जब बैगा मंदिर की ओर बढ़ते हैं, तो संतान की चाहत रखने वाली महिलाएं रास्ते में पेट के बल लेट जाती हैं. बैगा उनके ऊपर से गुजरते हैं.
श्रद्धालुओं का विश्वास है कि उनके पैरों का स्पर्श मां का आशीर्वाद बनकर संतान प्राप्ति की मन्नत पूरी करता है. शुक्रवार शाम जैसे ही बैगा और मुख्य पुजारी मंदिर की ओर बढ़े, इंतजार कर रही महिलाओं की कतारें लग गईं. माहौल में आस्था का जुनून था, तो चेहरों पर उम्मीद की चमक. इस अनोखी रस्म में ग्रामीण ही नहीं, पढ़ी-लिखी महिलाएं भी शामिल हुईं. किसी को वर्षों से संतान का इंतजार है, तो किसी ने मां बनने का सपना संजो रखा है. हर महिला की अपनी दास्तान, अपना दर्द और अपनी मन्नत है.
ये भी पढ़ेंः धान खरीदी के टोकन शुरू होते ही रायगढ़ के किसानों की बढ़ी परेशानी, किसी का रकबा शून्य तो कहीं दूसरी फसल दर्ज
श्रद्धालु किरण वैष्णव, संगीता यादव और देविका साहू ने अपनी आस्था से जुड़ी बातें साझा कीं, जबकि पुजारी ईश्वर सिंह नेताम ने इस प्राचीन परंपरा की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बैगा के पैरों के स्पर्श से संतान प्राप्ति होने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है, लेकिन यहां आने वाली महिलाओं का विश्वास पीढ़ियों से कायम है. आस्था और विज्ञान की बहस अपनी जगह, मगर मां अंगारमोती के इस दरबार में हर साल हजारों उम्मीदें दस्तक देती हैं. कोई मन्नत लेकर आता है, कोई दुआ लेकर और कोई इस यकीन के साथ लौटता है कि एक दिन उसके आंगन में भी बच्चों की किलकारियां जरूर गूंजेंगी.
(रिपोर्टः सुभाष साहब, धमतरी)