App

स्कूलों में लगेंगे Aadhaar कैंप, आधार बनवाने और अपडेट के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर; बच्चों के लिए जरूरी खबर

छत्तीसगढ़ के स्कूलों में आधार कैंप लगेंगे, जिसके तहत अब स्कूलों में ही छात्रों का आधार पंजीयन और बायोमेट्रिक अपडेट होगा. इसके लिए 'विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार' अभियान चलेगा.

स्कूलों में लगेंगे Aadhaar कैंप, आधार बनवाने और अपडेट के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर; बच्चों के लिए जरूरी खबर
Image Credit: 'विद्यार्थी के लिए आधार, विद्यालय के द्वार' अभियान की शुरुआत

छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों और उनके पैरेंट्स के लिए एक बेहद राहत भरी और काम की खबर सामने आई है. अब बच्चों का नया आधार कार्ड बनवाने या उसमें बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए सरकारी दफ्तरों या आधार केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 'विद्यार्थी के लिए आधार, विद्यालय के द्वार' अभियान की शुरुआत की है, जिसके तहत अब सीधे स्कूलों में ही विशेष आधार कैंप लगाए जाएंगे.

मुख्य सचिव विकासशील के दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के उन सभी बच्चों को कवर करना है, जो आधार से वंचित हैं या जिनकी उम्र 5 और 15 साल होने पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट होना बाकी है. सभी जिलों के कलेक्टर्स को इस अभियान की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) के दूरस्थ और मैदानी इलाकों के गांवों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि शिक्षा से जुड़े हर बच्चे तक यह सुविधा आसानी से पहुंच सके.

स्कूल में ही बनेंगे आधार और अपडेट भी करा सकेंगे

स्कूली बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जिसके तहत छात्र अपना नया आधार कार्ड बनवा सकेंगे. इसके अलावा बायोमेट्रिक अपडेट भी करवा सकेंगे. यानी पर बच्चों और उनके पैरेट्स को आधार बनवाने या अपडेट कराने के लिए आधार केंद्रों और ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने होंगे.

बच्चों का आधार किस उम्र में बनवा सकते हैं?

बच्चों के लिए आधार कार्ड बनवाने की कोई न्यूनतम उम्र सीमा नहीं है और बाल आधार जन्म के तुरंत बाद बनवाया जा सकता है. इसके लिए माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड और बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है. 5 साल से कम उम्र में बच्चों के फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन जैसे बायोमेट्रिक्स नहीं लिए जाते हैं. बच्चों के आधार के लिए सिर्फ फोटो ली जाती है.

बच्चों का आधार बायोमेट्रिक कब-कब अपडेट करवाना पड़ता है?

5 साल से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड बनाते समय सिर्फ फोटो ली जाती है, जबकि फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन नहीं होता है. 5 साल पूरा होने के बाद बच्चे का फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन अपडेट कराना जरूरी होता है. 5 साल की उम्र पूरी होने के बाद पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना होता है. इसके बाद 15 साल पूरा होने के बाद दूसरा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी होता है. 15 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को भी हर 10 साल में बायोमेट्रिक डेटा अपडेट करने की सलाह दी जाती है. इसके अलावा किसी गंभीर बीमारी या दुर्घटना के कारण बायोमेट्रिक में बदलाव आने पर भी इसे अपडेट कराया जा सकता है.

कैसे करा सकते हैं बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट?

बायोमेट्रिक अपडेट को ऑनलाइन नहीं किया जा सकता है. इसके लिए आपको अपने नजदीकी आधार अपडेट केंद्र पर ही जाना पड़ता है. हालांकि, अब छत्तीसगढ़ सरकार ने बच्चों को बड़ी राहत देते हुए 'विद्यार्थी के लिए आधार, विद्यालय के द्वार' अभियान के तहत ये सुविधा स्कूल के अंदर शुरू की है. इससे बच्चों को आधार केंद्र नहीं जाना पड़ेगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More