SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हांसी के गांव से राष्ट्रपति भवन तक का सफर, मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को मिला अर्जुन पुरस्कार

हरियाणा के हांसी निवासी मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन और देश के लिए पदक जीतने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 15, 2026, 15:03 IST | Updated: Nov 15, 2026, 15:13 IST
Image Credit: Narender Berwal X
Join

मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया. बेरवाल को मिला ये सम्मान उनके वर्षों की कड़ी मेहनत और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के लिए जीते गए पदकों का परिणाम है.

मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को 
एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने सम्मान पाने के बाद कहा, "राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन पुरस्कार मिलने से मैं बहुत खुश हूं. मैंने अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन किया है. मैं आगे भी देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करूंगा."

वर्षों की कड़ी मेहनत से अपना लक्ष्य हासिल किया 
14 नवंबर 1994 को हरियाणा के हांसी जिले के गांव सोरखी में जन्मे नरेंद्र बेरवाल ने वर्षों की कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की वजह से मुक्केबाजी के क्षेत्र में अपना बड़ा नाम बनाया है. उन्होंने वर्ष 2009 में मुक्केबाजी का सफर शुरू किया था. भिवानी बॉक्सिंग अकादमी में कोच देवराज के मार्गदर्शन में उन्होंने बॉक्सिंग के गुर सीखे. वर्ष 2013 में भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद भी उनका खेल के प्रति जुनून कम नहीं हुआ और उन्होंने देश की सेवा के साथ अपने अभ्यास को जारी रखा.

मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल की उपलब्धियां
नरेंद्र ने वर्ष 2012 में फिलीपींस में यूथ वर्ल्ड प्रतियोगिता और 2013 में यूथ एशियन प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई. वर्ष 2015 में मिलिट्री वर्ल्ड गेम्स में भी उन्होंने रजत पदक हासिल किया. इसके बाद 2023 के एशियन गेम्स में कांस्य पदक, यूरोपियन कप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2025 के नेशनल गेम्स में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता. राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत जीतने वाले नरेंद्र ने हाल ही में जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 में भी ब्रांज मेडल जीता था.

भारतीय सेना में सेवा देने के साथ ही जीते कई पदक
एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय सेना में सेवा देने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के लिए पदक जीतने और फिर अर्जुन पुरस्कार हासिल करने की नरेंद्र की कहानी करिश्माई और प्रेरणादायी है. नरेंद्र की कहानी बताती है कि हौसले बुलंद हों और मेहनत में दम हो, तो गांव की पगडंडियों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सफलता और सम्मान हासिल किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: कुरुक्षेत्र में मॉक पार्लियामेंट से पहले पुलिस की कार्रवाई, गेस्ट टीचर्स को किया हाउस अरेस्ट और 50 हिरासत में लेने का दावा

(Input: आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES