)
हरियाणा में नियमितीकरण की मांग को लेकर विरोध कर रहे गेस्ट टीचरों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता दिख रहा है. कुरुक्षेत्र में रविवार को होने वाली मॉक पार्लियामेंट से पहले पुलिस ने राज्य भर के अलग-अलग जिलों में कार्रवाई की. गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन का आरोप है कि रविवार सुबह करीब 3 बजे से पुलिस ने कई टीचरों और महिला टीचरों को उनके घरों से हिरासत में लेना शुरू कर दिया. इसके अलावा कुरुक्षेत्र में कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कुछ टीचरों को भी रोका गया. एसोसिएशन का दावा है कि करीब 50 गेस्ट टीचरों को हिरासत में लिया गया. इस बीच टीचर संगठनों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है और सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.
मॉक पार्लियामेंट से पहले घर में नजरबंद करने का आरोप
गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन के मीडिया इंचार्ज डॉ. अजय लोहान के मुताबिक, राज्य भर से गेस्ट टीचरों को मॉक पार्लियामेंट में हिस्सा लेने के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचना था. मगर कार्यक्रम से पहले ही पुलिस ने अलग-अलग जिलों में टीचरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी. यूनियन का आरोप है कि कई टीचरों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ को कुरुक्षेत्र जाते समय रास्ते में रोक दिया गया. हिसार में भी कॉन्ट्रैक्ट टीचर्स यूनियन ने सरकार और एडमिनिस्ट्रेशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. यूनियन का कहना है कि उनके कई साथियों को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. टीचर्स का आरोप है कि सरकार उनकी नियमितीकरण की मांग पर फैसला लेने के बजाय मामले को लगातार टाल रही है. हालांकि, पुलिस एक्शन के बावजूद बड़ी संख्या में टीचर्स कुरुक्षेत्र पहुंचने में कामयाब रहे.
50 गेस्ट टीचर्स को हिरासत में लेने का दावा
गेस्ट टीचर्स यूनियन के मीडिया इंचार्ज का दावा है कि पुलिस ने लगभग 50 गेस्ट टीचर्स को हिरासत में लिया, जिनमें अलग-अलग कर्मचारी और टीचर संगठन के बड़े पदाधिकारी शामिल हैं.
यूनियन के मुताबिक, गवर्नमेंट गेस्ट टीचर्स यूनियन-41 (RAAS-41) के स्टेट प्रेसिडेंट दिनेश यादव और हरियाणा स्कूल टीचर्स यूनियन के स्टेट प्रेसिडेंट प्रभु सिंह को कुरुक्षेत्र में हिरासत में लिया गया. इसके अलावा यह भी दावा किया गया है कि ईश्वर सिंह को नरवाना से और सतीश यादव को लगभग 50 गेस्ट टीचर्स के साथ महेंद्रगढ़ के सिगरी से हिरासत में लिया गया.
टीचर संगठ ने इस पुलिस एक्शन को विरोध को दबाने की कोशिश बताया है. डॉ. अजय लोहान ने कहा कि गेस्ट टीचर्स लंबे समय से शांति से अपनी मांगें रख रहे हैं. इसलिए उन्हें हिरासत में लेना सही नहीं है.
गेस्ट टीचर्स 150 दिनों से हड़ताल पर
हरियाणा के गेस्ट टीचर्स लगभग 150 दिनों से कुरुक्षेत्र में प्रोटेस्ट कर रहे हैं. टीचर संगठन का कहना है कि जब तक उनकी नियमितीकरण की मांग पूरी नहीं हो जाती, उनका विरोध जारी रहेगा. इस आंदोलन को नई दिशा देने के लिए रविवार को एक मॉक पार्लियामेंट प्लान की गई थी.
इस प्रोग्राम में राज्य के अलग-अलग जिलों से पुरुष और महिला गेस्ट टीचरों को शामिल होना था. इसके अलावा सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, दूसरे कर्मचारी संगठनों और किसान यूनियनों को भी बुलाया गया था. मॉक पार्लियामेंट के जरिए टीचर अपनी समस्याओं, मांगों और सरकारी पॉलिसी पर बात करना चाहते थे.
गेस्ट टीचरों की मुख्य मांगें क्या हैं?
1.गेस्ट टीचरों का कहना है कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने तीन साल की पॉलिसी के तहत उन्हें रेगुलर करने का आदेश दिया है. उनका आरोप है कि सरकार इन आदेशों को लागू करने में देरी कर रही है. टीचर चाहते हैं कि कोर्ट के फैसलों के हिसाब से रेगुलर करने का प्रोसेस पूरा किया जाए.
2. प्रदर्शन कर रहे टीचरों का कहना है कि वे करीब 21 साल से हरियाणा के सरकारी स्कूलों में सर्विस कर रहे हैं. इतने लंबे समय के बावजूद उन्हें पक्के कर्मचारियों वाली जॉब सिक्योरिटी नहीं मिली है. टीचरों ने BJP के 2014 के विधानसभा चुनाव के मैनिफेस्टो का भी हवाला दिया. उनका कहना है कि पार्टी ने सत्ता में आते ही गेस्ट टीचरों को रेगुलर करने का वादा किया था.
3.गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन की मांग है कि टीचरों को तीन साल की पॉलिसी के तहत पक्का किया जाए. डॉ. अजय लोहान ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और बड़ा और आक्रामक होगा.
गेस्ट टीचरों ने कांग्रेस सांसद जयप्रकाश से भी मुलाकात की
रविवार को गेस्ट टीचरों का एक प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे को लेकर हिसार के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को टीचरों की समस्याओं और नियमितीकरण से जुड़ी मांगों से अवगत कराया. सांसद जयप्रकाश ने उन्हें भरोसा दिलाया कि यह मामला राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में है, लेकिन अगर इस मुद्दे पर पार्लियामेंट में चर्चा होती है तो वह टीचरों की मांगों को जरूर उठाएंगे.
फिलहाल, हरियाणा में गेस्ट टीचरों को पक्का करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है. पुलिस कार्रवाई ने टीचर संगठनों के गुस्से को और बढ़ा दिया है. देखना होगा कि सरकार और टीचर संगठनों के बीच यह विवाद सुलझता है या आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होगा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, कार पर पलटा अनाज से भरा ट्रक; परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत
(हिसार से शशि नायर की रिपोर्ट)