App

17 सितंबर को हरियाणा में जलेंगे 20 लाख दीये, सेवा संकल्प अभियान को लेकर BJP का बड़ा प्लान

Haryana News: हरियाणा में 17 सितंबर से एक माह का सेवा संकल्प अभियान नई पीढ़ियों को उनके जीवन से राष्ट्र सेवा की प्रेरणा और सीख लेने का अवसर प्रदान करेगा. यह अभियान सरकार, संगठन और समाज को एक सूत्र में पिरोते हुए जनकल्याण और सेवा की भावना को मजबूत करेगा.

17 सितंबर को हरियाणा में जलेंगे 20 लाख दीये, सेवा संकल्प अभियान को लेकर BJP का बड़ा प्लान
Image Credit: Haryana CM Nayab Saini

Haryana News: आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय पंचकमल में सेवा संकल्प अभियान पर सरकार-संगठन की समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश मे राजनीतिक दलों द्वारा गठजोड़ करके लंबे समय से शासन तंत्र चलाया जा रहा था, जिसे 25 साल पहले मुख्यमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने तोड़ने का काम किया और इसी तरह उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जन-जन का भरोसा जीतकर नान स्टॉप सरकार चलाने का काम किया है. आज उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन में सेवाभाव की बदौलत अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समाज की मुखयधारा में जोड़ने, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करने पर जोर दिया गया, जिससे देश की जनता संतुष्ट महसूस कर रही है.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा. निर्धारित 12 कार्यक्रमों की रूपरेखा जनभागीदारी पर आधारित होगी. प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आसपास के दायरे में आमजन को भागीदारी के लिए प्रेरित करे.

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान में अपनी भागीदारी करने और आमजन की भागीदारी को बढ़ाने के लिए सुनियोजित तरीके से काम कर रहे हैं. डॉ गुप्ता ने कहा कि 17 सितंबर को सेवा दिवस के मौके पर प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन की भागीदारी के साथ प्रदेशभर में 20 लाख दीये लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद प्रेषित करेंगे. प्रदेश में कुछ ऐतिहासिक स्थानों पर 50 हजार से लेकर एक लाख तक दीये लगाने को लेकर योजना बनाई जा रही है.

उन्होंने कहा कि सेवा दिवस के मौके पर रक्तदान शिविरों की श्रृंखला की शुरुआत कुरुक्षेत्र से माननीय मुख्यमंत्री करेंगे, जो भाजपा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों पर अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएगी. सेवा चित्र कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विद्यालयों में आयोजित होने वाली पेंटिंग, भाषण प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी हो, आंगन का मिलन कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्र स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी, जहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, आशा कार्यकर्ता, एएनएम को सम्मानित किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि वढ़नगर से वाराणसी तक अभियान के तहत प्रदेश के नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में यात्रा पहुंचेगी, जिसमें एक दिन का रात्रि प्रवास भी होगा. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रदेश में सेवा ज्योति कलश यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें मण्डल स्तर की यात्रा विधानसभा स्तर होते हुए जिला पर पहुंचेंगी और सभी जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में आमजन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनेंगे. उन्होंने कहा कि जनसेवक महाकुंभ का सूरजकुंड में आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें 7 प्रदेशों के सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, चेयरमैन, शहरी निकायों के जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे.

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां जल्द से जल्द पूरी की जाएं. बड़े आयोजनों को लेकर सरकार और संगठन आपसी समन्वय से प्रभावी एवं बेहतर योजना बनाकर कार्य करें, ताकि अभियान का संदेश व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचे. भाजपा राष्ट्रीय टोली सदस्य एवं सेवा संकल्प अभियान संयोजक कुलजीत चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन ने सिद्ध किया है कि सत्ता शक्ति नहीं, जनसेवा का माध्यम है. सेवा संकल्प अभियान को उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और जनभागीदारी के भाव से चलाया जाए. इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी मंत्री रणबीर गंगवा, प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, गोपाल शर्मा, वेद फुल्लां, सत्य प्रकाश जरावता, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी,जिलाध्यक्ष, जिलाप्रभारी उपस्थित रहे.

(चंडीगढ़ से विजय राणा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More