)
गुरुग्राम में बढ़ते प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गुरुग्राम को 71 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है. कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें गुरुग्राम को मिलनी हैं, जिनमें से फिलहाल 71 बसें शहर पहुंच चुकी हैं. इनमें से 35 बसों का 9 अलग-अलग रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू कर दिया गया है. बाकी 36 बसों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है. इनके भी जल्द सड़कों पर उतरने की उम्मीद है.
कनेक्टशन को मिलेगा बढ़ाना
इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सेक्टर-10 स्थित बस डिपो से किया जा रहा है. नए रूटों के जरिए शहर के अलग-अलग सेक्टरों को मेट्रो स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्रों से जोड़ने की योजना है. इनमें बस स्टैंड से पटौदी रेलवे स्टेशन और आईएमटी से द्वारका सेक्टर-21 तक की कनेक्टिविटी भी शामिल है. इससे शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी.
इलेक्ट्रिक बस का किराया
इन इलेक्ट्रिक बसों में एक बार में करीब 25 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है. यात्रियों को दूरी के हिसाब से 15 से 35 रुपये तक किराया देना होगा. इन बसों के संचालन से लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा. इससे सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम करने और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
गुरुग्रामें में बढ़ा प्रदूषण का स्तर
दीवाली 2026 के बाद, दिल्ली-NCR की हवा की गुणवत्ता में बहुत मामूली सुधार हुआ है. दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सिर्फ 7.3% कम हुआ, जो पिछले साल के मुकाबले कम है, जबकि गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर 1.5% बढ़ गया है.
इसलिए, भले ही कुछ जगहों पर स्मॉग (धुएं और धुंध) में थोड़ी कमी आई हो, लेकिन पूरे इलाके में अब भी गंभीर प्रदूषण की समस्या बनी हुई है.
(गुरुग्राम से देवेंद्र भारद्वाज की रिपोर्ट)