)
भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में अब 'बिजनेस डेज' (14-18 नवंबर) में वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा. साथ ही, उनकी सहायता के लिए व्हीलचेयर की भी व्यवस्था गेट्स पर की गई है. यह जानकारी भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के कार्यकारी निदेशक प्रेमजीत लाल ने सोमवार को दी.
ट्रेड फेयर में वरिष्ठ नागिरकों को फ्री एंट्री
प्रेमजीत लाल ने कहा, पहले हम बिजनेस डेज में वरिष्ठ नागरिकों को भी टिकट के आधार पर प्रवेश दे रहे थे, लेकिन जनता की मांग के मुताबिक, हमने अब उन्हें निशुल्क प्रवेश देना शुरू कर दिया है. वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए 30-40 व्हीलचेयर की भी व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें कोई असुविधा न हो.
उन्होंने कहा कि रविवार को बिजनेस डेज होने बावजूद भी करीब 60,000 लोग आए थे, यह इस ट्रेड फेयर को लेकर लोगों में उत्साह को दिखाता है.
27 नवंबर तक चलेगा 45वां ट्रेड फेयर
देश की राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में 45वां आईआईटीएफ 14-27 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है. इसमें बिजनेस डेज (14-18 नवंबर) और जनरल पब्लिक डेज (19-27 नवंबर) शामिल हैं.
ट्रेड फेयर में टिकट प्राइज
बिजनेस डेज में वयस्कों के लिए टिकट प्राइस 500 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है. आयु के आधार पर बच्चों के लिए शुल्क 200-300 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है.
जनरल पब्लिक डेज में वयस्कों के लिए टिकट प्राइस 100 रुपए प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 50 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है. हालांकि, सप्ताहांत (शनिवार और रविवार) को टिकट की कीमत को वस्यकों के लिए 200 रुपए प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 100 रुपए रखा गया है. हालांकि, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों और 5 साल तक के बच्चों की एंट्री फ्री रहेगी.
भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत 1972 में स्थापित ITPO भारत की शीर्ष व्यापार संवर्धन और व्यापार सुविधा संस्था है. यह नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित 'भारत मंडपम' में हर साल 70 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोजनों के माध्यम से भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई और उद्योग जगत के दिग्गजों को 100 से अधिक देशों के खरीदारों, निवेशकों और व्यापार भागीदारों से जोड़ता है.
(Input: आईएएनएस)