'जैकेट पर चिपका लिया था मरा हुआ चमगादड़...' जुबीन गर्ग की इस हरकत से दंग रह गए थे कॉलेज के दोस्त
18 नवंबर को मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग की बर्थ एनिवर्सरी है. इस खास मौके पर हम आपको आज उनकी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा बताने वाले हैं, जिसे सुनने के बाद आप भी दंग रह जाएंगे. एक वक्त की बात है, जब वे कॉलेज में थे, तब उन्होंने मरा हुआ चमगादड़ अपनी जैकेट पर चिपका लिया था. आइए जानते हैं पूरा किस्सा-
मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग अब भले ही हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके गाने और उनसे जुड़े किस्से आज भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला देते हैं. संगीत की दुनिया में कई ऐसे कलाकार आते हैं, जिनकी आवाज लोगों के दिलों में बस जाती है और उन्हीं में से एक जुबीन गर्ग भी हैं. उनकी गायकी ने बॉलीवुड, असमिया, बंगाली, उड़िया, तमिल और कई अन्य भाषाओं के संगीत को नई पहचान दी है. जुबीन गर्ग का नाम सुनते ही दिल को छू लेने वाली उनकी आवाज कानों में गूंजने लगती है. 18 नवंबर को जुबीन की बर्थ एनिवर्सरी है. इस खास मौके पर हम आपको उनकी जिंदगी से जुड़ा एक खास किस्सा बताने जा रहे हैं, जिसे सुनकर आप भी हंसते रह जाएंगे और हैरान हो जाएंगे.
जुबीन गर्ग का नाम एक प्रसिद्ध संगीतकार जुबिन मेहता के नाम पर रखा गया था. यह नाम उनके माता-पिता की उस चाहत को दर्शाता था कि उनका बच्चा भी संगीत की दुनिया में कदम रखे और कुछ बड़ा करे. उनका जन्म 18 नवंबर 1972 को मेघालय के तुरा में एक असमिया ब्राह्मण परिवार में हुआ था. उनके पिता मोहन बोरठाकुर एक मजिस्ट्रेट थे और उनकी मां इली बोरठाकुर एक सिंगर थीं. संगीत के प्रति प्यार और जुनून उन्हें अपनी मां से मिला था. बेहद कम उम्र यानी 3 साल की उम्र में ही उन्होंने गाना गाना शुरू कर दिया था.
सिंगिंग के लिए कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ी
इतना ही नहीं, जुबीन को सिंगिंग से इतना प्यार था कि इसके लिए उन्होंने अपनी कॉलेज की पढ़ाई भी बीच में छोड़ दी थी और पूरी तरह से गाने पर अपना ध्यान देने लगे थे. इसी समय उन्होंने अपना पहला असमिया एल्बम 'अनामिका' रिकॉर्ड किया था. इसके बाद उनके गाने 'तुमी जुनु परिबा हुन' और 'तुमी जुनाकी हुबाख' रिलीज हुए और वे लगातार असमिया एल्बम देते गए.
जुबीन जितुल सोनोवाल के साथ संगीतकार सहयोगी के तौर पर काम करते थे. साउंड डिजाइनर अमृत प्रीतम बताते हैं, 'जब मैं पहली बार 1989 में जुबीन से मिला, तब वे 18 साल के थे. उस समय उनकी पहचान एक अच्छे कीबोर्ड वादक के रूप में थी, गायक के रूप में नहीं. वे गायिका लूना सोनोवाल के साथ कीबोर्ड बजाया करते थे. वे अक्सर संगीत के बारे में ही बात करते थे. हर तरह के संगीत के बारे में, चाहे वह भारतीय हो या पश्चिमी.'
जब जुबीन गर्ग ने काली जैकेट से निकाला था गोल्ड मेडल
ओमान में पढ़ाने वाले इम्तियाज सैकिया के अनुसार, उस समय बहुत कम लोग जानते थे कि जुबीन पश्चिमी संगीत से कितनी गहराई से जुड़े हुए थे. वे बताते हैं, 'मुझे वह दिन याद है, जब उन्होंने अपनी पीली 'रेंजर' साइकिल जे.बी. कॉलेज के गेट पर खड़ी की और उत्साह के साथ मेरी ओर चले आए. उन्होंने अपनी काली लेदर जैकेट के अंदर से एक स्वर्ण पदक निकाला और कहा, 'इम्तियाज, मैंने इसे मद्रास में जीता है, पश्चिमी गायन (वेस्टर्न वोकल) के लिए.'
अपनी जैकेट पर चिपका लिया था चमगादड़
जुबीन गर्ग के दोस्त सैकिया ने एक बार अपने कॉलेज के दिनों का किस्सा सुनाया था. जुबीन को कॉलेज के दिनों में एक मरा हुआ चमगादड़ मिला था. इसका बाद उन्होंने जो किया, उसे देखकर उनके दोस्त भी हैरान रह गए ते. जुबीन ने उस मरे हुए चमगादड़ को अपनी डेनिम जैकेट पर चिपका लिया था. इस घटना का जिक्र 'टेलीग्राफ इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में जुबीन के दोस्त सैकिया ने किया था. उनके मुताबिक, जुबीन का यह अंदाज उन्हें बाकी लोगों से काफी अलग बनाता था. वह हमेशा अपने मन की करने वाले इंसान थे.
क्या बॉलीवुड में बिताए सालों ने जुबीन गर्ग की जिंदगी बदल दी थी?
जिन लोगों का इंटरव्यू लिया गया, उनमें से किसी ने भी उनके करियर के इस हिस्से को बहुत ज्यादा अहमियत नहीं दी. इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया. कुछ लोगों का कहना था कि उन्हें मुंबई में थोड़ा और समय बिताना चाहिए था. कुछ ने बताया कि वहां के भागदौड़ भरे शेड्यूल ने उन्हें 'थका दिया था' और वे हमेशा 'घर की याद' (होमसिकनेस) में रहते थे. लेकिन सुनने में तो यही आता है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में जुबीन की सफलता न तो कोई अप्रत्याशित बात थी और न ही इसने उन्हें असम में कोई खास अतिरिक्त लोकप्रियता दिलाई, क्योंकि वह पहले से ही एक सुपरस्टार थे.