YRF का नया धमाका: बड़े पर्दे पर फिर हलचल मचाने को तैयार अहान पांडे, शरवरी संग Beparwah में जमेगी इश्क और जंग की जोड़ी!
'सैय्यारा' से बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले एक्टर अहान पांडे एक बार फिर रोमांटिक थ्रिलर के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. लेकिन इस बार वो यशराज फिल्म्स का हिस्सा हैं, जिसमें उनकी लीड एक्ट्रेस कोई और नहीं, बल्कि 'एल्फा' फेम शरवरी वाघ हैं.
बॉलीवुड के गलियारों में इन दिनों एक नए और फ्रेश जोड़ी की चर्चा जोरो-शोरों से हो रही है. दरअसल यशराज फिल्म्स ने हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म का ऑफिशियल ऐलान कर दिया है, जिसका टाइटल 'बेपरवाह' रखा गया है. इस फिल्म में यंग सेंसेशन अहान पांडे और टैलेंटेड एक्ट्रेस शरवरी पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ रोमांस करते नजर आएंगे. मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी कर दिया है, जिसके साथ ही इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है. ये फिल्म 26 मार्च, 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
फिल्म के फर्स्ट-लुक पोस्टर पर 'फीयरलैश इन लव' की जबरदस्त टैगलाइन दी गई है, जो फिल्म के मिजाज को साफ बयां करती है. पोस्टर में अहान और शरवरी के हाथ में बंदूक और गिटार नजर आ रहे हैं, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये सिर्फ एक सीधी-सादी लव स्टोरी नहीं है, बल्कि इसमें प्यार के साथ-साथ खतरनाक एक्शन का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा.
बॉबी देओल हो सकते हैं फिल्म का हिस्सा
फिल्म के पहले पोस्टर के साथ मेकर्स ने रिलीज डेट की अनाउसमेंट तो कर दी, लेकिन अभी तक कहानी के प्लॉट या किरदारों के बारे में ज्यादा खुलासे नहीं किए हैं, लेकिन इस अनोखे पोस्टर ने फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. अहान और शरवरी की इस जोड़ी के अलावा, गॉसिप गलियारों में ये चर्चा भी है कि फिल्म में बॉबी देओल और ऐश्वर्या ठाकरे भी अहम भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं.
खबरों के मुताबिक, एक्ट्रेस ऐश्वर्या ठाकरे को फिल्म में विलेन के रोल के लिए एड किया गया है. हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इसको लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है. फिल्म की ज्यादातर शूटिंग यूनाइटेड किंगडम की खूबसूरत और विरान लोकेशन पर की गई है, जो इसे एक ग्रैंड और विजुअली रिच एक्शन-ड्रामा का लुक देती है.
अली अब्बास जफर की YRF में वापसी
अहान पांडे के लिए 'बेपरवाह' बेहद खास है, क्योंकि इससे पहले उन्होंने फिल्म 'सैयारा' से अपने एक्टिंग करियर की धमाकेदार शुरुआत की थी, जिसे मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया था. वहीं शरवरी भी 'मुंज्या', 'महाराज' 'एल्फा' और 'वेदा' जैसी फिल्मों से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी हैं. इन दोनों के अलावा, इस फिल्म का सबसे बड़ा अट्रैक्शन इसके निर्देशक अली अब्बास जफर हैं, जो इस प्रोजेक्ट से यशराज फिल्म्स के बैनर तले वापसी कर रहे हैं. इससे पहले वो वाईआरएफ के साथ 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं.
फ्रेश यंग कास्ट और धांसू एक्शन
भले ही मेकर्स ने अभी तक फिल्म के गानों, टीजर या ट्रेलर को लेकर कोई ऑफिशियल तारीख शेयर न की हो, लेकिन 'बेपरवाह' के इस पहले झटके ने फैंस के बीच बज क्रिएट कर दिया है. आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन में बन रही ये फिल्म एक फ्रेश यंग कास्ट और धांसू एक्शन डायरेक्टर का परफेक्ट मिक्सचर है. अब देखना ये होगा कि मार्च, 2027 में जब ये फिल्म सिनेमाघरों में उतरेगी, तो बॉक्स ऑफिस पर कैसा गदर मचाती है.