App

मुश्ताक खान के प्रेयर मीट से क्या राजपाल यादव को भगाया गया था? नजमा शेख ने बताई पूरी सच्चाई

मुश्ताक खान की प्रेयर मीट से राजपाल यादव को भगाए जाने की खबर ने काफी चर्चा बटोरी. सोशल मीडिया पर इस दावे के बाद कई सवाल उठे. अब मुश्ताक खान की पत्नी नजमा शेख ने सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई बताई और बताया कि आखिर वहां क्या हुआ था.

मुश्ताक खान के प्रेयर मीट से क्या राजपाल यादव को भगाया गया था? नजमा शेख ने बताई पूरी सच्चाई
Image Credit: राजपाल यादव को भगाने की खबर में कितनी सच्चाई?

कंटेंट क्रिएटर नजमा शेख ने एक्टर मुश्ताक खान के अंतिम संस्कार के दौरान एक्टर राजपाल यादव को कथित तौर पर वहां से हटाए जाने की घटना पर सफाई दी है. उन्होंने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह कैमरे पर बात करते हुए उन वायरल वीडियो के पीछे की पूरी सच्चाई बता रही हैं, जिनमें दावा किया गया था कि राजपाल यादव को वहां से हटा दिया गया था.

उन्होंने कहा, 'मेरा नाम नजमा शेख है और आज मैं मुश्ताक खान की प्रेयर मीट के बारे में बात करने जा रही हूं. लोगों ने इतनी गलतफहमियां फैला दी हैं कि उनकी कोई सीमा नहीं है. अब मैं आपको सच बताउंगी. असल बात यह है कि राजपाल यादव, मुश्ताक खान के बहुत करीबी थे. वे उनके छोटे भाई जैसे थे. मुश्ताक खान की मौत से दो घंटे पहले राजपाल यादव उनके साथ थे. जिस दिन मुश्ताक खान को कब्रिस्तान ले जाया जा रहा था, उस दिन राजपाल यादव वहां मौजूद थे. उनकी प्रेयर मीट वाले दिन भी राजपाल यादव मौजूद थे.'

नजमा शेख ने बताई पूरी सच्चाई

उन्होंने आगे कहा, 'वहां कुछ लोग ऐसे भी थे जो सिर्फ तस्वीरें खींचने आए थे, जबकि वह जगह तस्वीरें खींचने की नहीं थी. वह जगह किसी के लिए शांति की प्रार्थना करने की थी.' उन्होंने आगे कहा, 'लोग लगातार मुकेश ऋषि, उपासना सिंह और राजपाल यादव जैसे एक्टर्स के साथ तस्वीरें खींच रहे थे. वह कोई सेल्फी पॉइंट नहीं था. वह एक प्रार्थना सभा थी. मेरा गुस्सा उन लोगों पर था जो वहां सिर्फ तस्वीरें खींचने आए थे और उन्हें यह एहसास नहीं था कि वे किस तरह के माहौल में हैं. मैंने अपना गुस्सा ऐसे लोगों पर जाहिर किया था, न कि राजपाल यादव पर. मैं मीडिया में अपने दोस्तों से गुजारिश करती हूं कि वे गुमराह करने वाली बातें न फैलाएं और प्लीज पूरी सच्चाई बताएं.'

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 

बता दें कि प्रेयर मीट के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को यह कहते हुए सुना गया, 'आपको अब बाहर भेजा जाएगा, ये कोई जगह है सेल्फी लेने की?' यह महिला नजमा शेख हैं और इस वीडियो को देखकर ये अफवाह फैल गई कि राजपाल यादव को प्रेयर मीट से बाहर निकाला गया या उनका अपमान किया गया. दरअसल, राजपाल यादव 30 सितंबर को मुंबई में आयोजित मुश्ताक खान की प्रार्थना सभा में उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. उन्होंने वहां शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए भावुक भी हुए.

मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन

बता दें कि हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और कॉमेडियन मुश्ताक खान का गुरुवार को 56 साल की उम्र में निधन हो गया. वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे.  मुश्ताक खान के निधन की पुष्टि कॉमेडियन सुनील पाल ने की. वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने भी उनके निधन की पुष्टि की.

रिपोर्ट के मुताबिक, मुश्ताक खान कैंसर से पीड़ित थे. उनका लंबे समय से इलाज चल रहा था. कैंसर आखिरी स्टेज में पहुंच चुका था. अपनी कॉमेडी से लोगों को गुदगुदाने वाले मुश्ताक खान ने गुरुवार शाम करीब 7 बजे दुनिया को अलविदा कह दिया.

मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई बड़ी और हिट फिल्मों में काम किया. वह खासतौर पर अपने सपोर्टिंग किरदारों और जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग के लिए पहचाने जाते थे. उन्होंने 'आशिकी', 'हम हैं राही प्यार के', 'हेरा फेरी', 'जोड़ी नंबर 1', 'मुझसे शादी करोगी', 'वेलकम' और 'राउडी राठौर' जैसी फिल्मों में अभिनय किया. हाल के वर्षों में वह 'गदर 2', 'बधाई दो' और 'स्त्री 2' जैसी फिल्मों में भी दिखाई दिए.

मुश्ताक खान का करियर

मुश्ताक खान की सबसे यादगार भूमिकाओं में 2007 में आई अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म 'वेलकम' का बल्लू का किरदार शामिल था. फिल्म में उनका 'मेरी एक टांग नकली है...' वाला कॉमिक सीन बेहद लोकप्रिय हुआ और वर्षों बाद भी सोशल मीडिया तथा मीम्स में चर्चा में रहता है.

हालांकि, इसे उनकी अकेली उपलब्धि मानना उनके लंबे करियर को सीमित करना होगा. कई दशकों तक फिल्मों और टेलीविजन में अलग-अलग चरित्र भूमिकाएं निभाना और छोटे किरदारों को अपनी कॉमिक टाइमिंग से यादगार बना देना उनकी अभिनय यात्रा की बड़ी पहचान रही.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका स्क्रीन डेब्यू 1980 की फिल्म 'अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है' से हुआ था. फिल्मों के अलावा मुश्ताक खान ने टेलीविजन पर भी काम किया. वह लोकप्रिय टीवी शो 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' में नजर आए थे. मुश्ताक खान का जन्म 31 दिसंबर 1969 को मध्य प्रदेश में हुआ था. उनका परिवार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर से जुड़ा रहा है. उनकी पत्नी का नाम सलमा खान है और उनके दो बेटे हैं.

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More